कोरबा 29 सितंबर 2026 Congress Protest : कोरबा में निर्वाचन प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और ‘वोट चोरी’ के आरोपों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर एवं ग्रामीण) के तत्वावधान में सोमवार को विशाल विरोध रैली निकाली गई। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारियों के अलावा जनप्रतिनिधि, विभिन्न मोर्चा-संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, उनकी गिरफ्तारी और कार्यकाल के फैसलों की स्वतंत्र जांच की मांग करते हुए कलेक्ट्रेट तक मार्च किया और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला भी फूंका।
प्रदर्शन के बाद जिला कांग्रेस अध्यक्ष (शहर) मुकेश कुमार राठौर और ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनोज चौहान के नेतृत्व में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के नाम संयुक्त कलेक्टर अभिषेक राठौर को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में एसआईआर (SIR) एवं मतदाता सूची में बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा, निर्वाचन आयोग की आईटी-डेटा प्रणाली की जांच और आयोग के फैसलों पर तथ्यात्मक स्पष्टीकरण की मांग की गई है।
पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने कहा कि मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया पर उठ रहे गंभीर सवालों का जवाब देश को मिलना चाहिए और संवैधानिक संस्थाओं के फैसलों की निष्पक्ष जांच आवश्यक है। पूर्व विधायक श्यामलाल कंवर ने कहा कि कांग्रेस संविधान और मताधिकार की रक्षा के लिए लोकतांत्रिक लड़ाई जारी रखेगी। इस संयुक्त प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई और सेवादल समेत कई इकाइयों ने भागीदारी निभाई।



