कोरबा/गेवरा 13 सितंबर: गेवरा क्षेत्र की श्रमिक राजनीति में साउथ ईस्टर्न कोयला मजदूर कांग्रेस (SEKMC) इंटक ने एक ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। सदस्यता सत्यापन के हालिया आंकड़ों में इंटक 496 सदस्यों के साथ गेवरा प्रोजेक्ट में सबसे बड़े श्रमिक संगठन के रूप में सामने आई है। लगभग 25 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद मिली इस बढ़त ने गेवरा में इंटक की मजबूत वापसी पर मुहर लगा दी है।

सत्यापन आंकड़ों के अनुसार, मुकाबले में कड़ा संघर्ष देखने को मिला। SEKMC इंटक को कुल 496 सदस्यता मिली, जबकि प्रतिद्वंद्वी SKMS 493 सदस्यों के साथ दूसरे स्थान पर रही। पहले दिन दोनों संगठन 295 सदस्यता के साथ बराबरी पर थे, लेकिन अंतिम समेकित आंकड़ों में इंटक ने 3 सदस्यों की निर्णायक बढ़त बनाकर पहला स्थान हासिल कर लिया।
इस शानदार जीत से इंटक कार्यकर्ताओं और समर्थकों में भारी उत्साह है। समर्थकों का मानना है कि यह सफलता कर्मचारियों के बीच संगठन की निरंतर सक्रियता और श्रमिक हितों के लिए उठाए गए कदमों का नतीजा है। नंबर-1 बनने के बाद अब इंटक के सामने इस बढ़त को बनाए रखने और श्रमिकों के भरोसे को और मजबूत करने की चुनौती होगी।







