रायपुर 22 अगस्त Paper Leak: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) के प्रश्नपत्र लीक मामले में रायपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्ग और उसके आसपास के क्षेत्रों से 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

हाल ही में विश्वविद्यालय की परीक्षा के दौरान “Pest Management in Crop and Stored Grains-I” विषय का प्रश्नपत्र समय से पहले सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। परीक्षा हॉल में जब छात्रों को प्रश्नपत्र मिला, तो वह WhatsApp पर तैर रहे पर्चे से हूबहू मेल खा रहा था। इस गड़बड़ी के विरोध में शुक्रवार को NSUI प्रदेश अध्यक्ष नीरज पांडेय की अगुवाई में छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कड़ा रुख अपनाया था। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में परीक्षाओं की विश्वसनीयता और छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सीएम के निष्पक्ष जांच के निर्देशों के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने पांच सदस्यीय जांच समिति का गठन किया था, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इन गिरफ्तारियों को अंजाम दिया।








