कोरबा, 18 अगस्त 2026: शहर में जारी मूसलाधार बारिश और बांगो बांध से छोड़े गए पानी के कारण हसदेव नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। इससे तटीय और निचले इलाकों की बस्तियों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई है। हालात को देखते हुए नगर पालिक निगम कोरबा के आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने प्रशासनिक टीम के साथ प्रभावित क्षेत्रों का सघन दौरा कर स्थिति का जायजा लिया।
Advt

आयुक्त ने अधिकारियों को अलर्ट पर रहने और जलभराव प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बचाव कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं।
निरीक्षण और प्रमुख बिंदु:
-
प्रभावित क्षेत्रों का दौरा: आयुक्त ने सीतामणी, इमलीडुग्गू और कलमीडुग्गू जैसे तटीय व निचले इलाकों में जाकर रहवासियों से सीधा संवाद किया और उनसे सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की।
-
11 सेल्टर होम स्थापित: प्रभावित परिवारों के ठहरने और भोजन की व्यवस्था के लिए निगम ने 11 सेल्टर केंद्र (जैसे सीतामणी स्कूल, रानी गेट स्कूल, लालघाट, अंबेडकर स्कूल आदि) तैयार किए हैं। जरूरत पड़ने पर प्रियदर्शनी इंदिरा स्टेडियम को मुख्य सेल्टर होम बनाया जाएगा।
-
पीएम आवास योजना में शिफ्ट होने की अपील: आयुक्त ने नदी किनारे और जोखिम वाले क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से पीएम आवास योजना के रिक्त मकानों में शिफ्ट होने का आग्रह किया। उन्होंने न्यूनतम राशि पर आवंटन और बैंक लोन की सुलभ सुविधा दिलाने का आश्वासन दिया।
-
कलमीडुग्गू में राखड़ से जलभराव: कलमीडुग्गू बस्ती में सीएसईबी प्लांट से बहकर आने वाले राखड़ के कारण नाला जाम होने की शिकायत मिली। आयुक्त ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीएसईबी प्रबंधन को सख्त निर्देश दिए कि राखड़युक्त पानी नाले में न बहाया जाए।
-
लगातार मुनादी: संभावित खतरे को देखते हुए निगम प्रशासन द्वारा विगत दो दिनों से प्रभावित बस्तियों में मुनादी कराकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए जागरूक किया जा रहा है।
दौरे के दौरान अपर आयुक्त विनय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता भूषण उरांव, जोन कमिश्नर और स्वास्थ्य अधिकारियों सहित निगम का पूरा अमला उपस्थित रहा।
#








