कोरबा: 16 अगस्त : वन मंडल के भुलसीडीह जंगल क्षेत्र से वन विभाग की टीम ने सागौन के 26 लट्ठों से लदी एक पिकअप गाड़ी को जब्त किया है। बरामद लकड़ी लगभग 2 घन मीटर बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत 85 हजार रुपये है। विभाग इसे अपनी बड़ी कामयाबी के रूप में दिखा रहा है, लेकिन इस कार्रवाई ने जंगलों की सुरक्षा और वन अमले की गश्त व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी है।

तस्करों द्वारा जंगल के भीतर सागौन के पेड़ों को काटकर लट्ठे तैयार किए गए और उन्हें वाहन में लादकर वन मार्ग से बाहर ले जाया जा रहा था। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान वन विभाग का निगरानी तंत्र पूरी तरह बेखबर रहा। रात में केवल वाहन पकड़ लेने से विभाग की जिम्मेदारी खत्म नहीं होती; मुख्य सवाल यह है कि कटाई के वक्त सुरक्षा में तैनात अमला कहां था और कितने पेड़ काटे गए हैं?
स्थानीय लोगों और पर्यावरण प्रेमियों का मानना है कि केवल लकड़ी और गाड़ी जब्त कर लेना काफी नहीं है। जब तक लकड़ी के मूल स्रोत, कटाई करने वाले गिरोह और इस नेटवर्क में शामिल मुख्य चेहरों तक जांच नहीं पहुंचती, तब तक अवैध कटाई पर लगाम लगाना असंभव है। विभाग को महज़ सूचना आधारित कार्रवाई के बजाय नियमित गश्त को प्रभावी बनाना होगा और जंगल में खड़े पेड़ों की सुरक्षा का हिसाब देना होगा।








