
कोरबा: छत्तीसगढ़ के कैचमेंट एरिया में हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के चलते कोरबा स्थित मिनी माता बांगो जलाशय का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। डेम में पानी की भारी आवक को देखते हुए जल प्रबंधन ने सुरक्षात्मक कदम उठाते हुए बांध के 3 गेट खोल दिए हैं।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, जल निकासी की मात्रा को तत्काल प्रभाव से बढ़ा दिया गया है। पहले जलाशय से 3,005 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा था, जिसे अब बढ़ाकर 5,900 क्यूसेक कर दिया गया है। ऊपरी इलाकों से आ रहे पानी के तेज बहाव को देखते हुए डिस्चार्ज की मात्रा में आगे भी बदलाव किया जा सकता है।
दर्री बांध से अतिरिक्त जल निकासी की संभावना
बांगो बांध से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण अब दर्री बांध का जलस्तर भी बढ़ रहा है, जिससे वहां से भी अतिरिक्त पानी छोड़ने की पूरी संभावना बन गई है।
निचले इलाकों के लिए जारी प्रशासनिक दिशा-निर्देश:
हाई अलर्ट जारी: हसदेव नदी के तटीय और निचले इलाकों में जलस्तर तेजी से बढ़ने की आशंका है। संबंधित विभागों को आपात स्थिति के लिए अलर्ट मोड़ पर रखा गया है।
सुरक्षा अपील: स्थानीय प्रशासन ने नागरिकों को नदी-नालों, रपटों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी है।
निर्देशों का पालन: तटीय निवासियों से अपील की गई है कि वे सतर्क रहें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें।








