सूरजपुर/भटगांव 21 मई
भटगांव थाना क्षेत्र के सोनगरा इलाके से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक खड़ी बोलेरो वाहन में अचानक भीषण आग लग गई। इस हादसे के दौरान वाहन के भीतर एक 2 वर्षीय मासूम बच्चा फंसा हुआ था। लेकिन एक पिता के अदम्य साहस और सूझबूझ से एक बड़ा और दर्दनाक हादसा होते-होते टल गया। पिता ने अपनी जान की परवाह न करते हुए धधकती गाड़ी के भीतर कदम रखा और बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
Advt

अस्पताल से लौट रहा था परिवार
जानकारी के मुताबिक, एक परिवार अंबिकापुर अस्पताल से इलाज कराकर अपने घर वापस लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में सोनगरा इलाके के पास उन्होंने कुछ देर के लिए अपनी बोलेरो गाड़ी रोकी। तभी अचानक वाहन के बोनट से धुआं निकलने लगा और देखते ही देखते चंद सेकेंडों में आग ने विकराल रूप ले लिया।
चीख-पुकार के बीच मसीहा बना पिता
गाड़ी में आग लगते ही मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। स्थिति तब बेहद गंभीर हो गई जब परिवार को याद आया कि 2 साल का मासूम बच्चा अभी भी गाड़ी के अंदर ही फंसा हुआ है। आग की लपटें तेजी से बढ़ रही थीं, लेकिन बिना एक पल गंवाए पिता जलती हुई बोलेरो की तरफ दौड़ा। अपनी जान जोखिम में डालकर पिता ने गाड़ी का दरवाजा खोला और बच्चे को सकुशल बाहर खींच लाया। पिता की इस बहादुरी की हर तरफ तारीफ हो रही है।
गाड़ी जलकर हुई खाक, शॉर्ट सर्किट की आशंका
मासूम को बाहर निकालने के कुछ ही मिनटों के भीतर आग पूरी गाड़ी में फैल गई। स्थानीय लोगों ने पानी डालकर आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि बोलेरो पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
पुलिस का बयान: घटना की सूचना मिलते ही भटगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि तकनीकी जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।








