Home » छत्तीसगढ़ » रायपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव: ज्वेलरी शॉप के मैनेजर पर तलवार से हमला कर 1 करोड़ के जेवरात की लूट

रायपुर में बेखौफ बदमाशों का तांडव: ज्वेलरी शॉप के मैनेजर पर तलवार से हमला कर 1 करोड़ के जेवरात की लूट

Share:

रायपुर/खरोरा 6 मई : राजधानी रायपुर से सटे खरोरा इलाके में मंगलवार की रात अपराध के एक खौफनाक मंजर ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। तिल्दाडीह स्थित एक प्रतिष्ठित ज्वेलरी शॉप के मैनेजर को निशाना बनाते हुए अज्ञात बदमाशों ने फिल्मी अंदाज में लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने न केवल मैनेजर पर प्राणघातक हमला किया, बल्कि करीब 1 करोड़ रुपये के सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।

बीच रास्ते में घेराबंदी और खूनी हमला

मिली जानकारी के अनुसार, ‘विनीत सोनी ज्वेलर्स’ के मैनेजर टीकाराम  शर्मा मंगलवार रात दुकान की दूसरी ब्रांच से जेवरातों का संग्रह कर खरोरा लौट रहे थे। जब वे तिल्दाडीह के पास पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे दो से तीन बाइक सवार बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि मैनेजर शर्मा कुछ समझ पाते, बदमाशों ने उन पर तलवार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में मैनेजर गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गए। मौके का फायदा उठाकर आरोपी जेवरातों से भरा बैग छीनकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए रफूचक्कर हो गए।

अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहा मैनेजर

वारदात के बाद घायल मैनेजर को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार मैनेजर की हालत नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों और रहवासियों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।

जांच में जुटी क्राइम ब्रांच और पुलिस की टीमें

लूट की इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही खरोरा पुलिस सहित रायपुर क्राइम ब्रांच की टीम और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के सभी निकास मार्गों पर नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जो निम्नलिखित बिंदुओं पर काम कर रही हैं:

  • सीसीटीवी फुटेज: घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे कैमरों की जांच की जा रही है।

  • रूट मैपिंग: बदमाशों के भागने के संभावित रास्तों पर सुराग तलाशे जा रहे हैं।

  • संदिग्धों से पूछताछ: पुराने अपराधियों और इलाके के संदिग्धों पर नजर रखी जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का दावा है कि इस संगठित अपराध के पीछे किसी पेशेवर गिरोह का हाथ हो सकता है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटा गया माल बरामद कर लिया जाएगा।

।।।

Leave a Comment