महासमुंद 13 अप्रैल। जिले के पटेवा थाना क्षेत्र के ग्राम पचरी में कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाली एक गंभीर घटना सामने आई है। आबकारी मामले के फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम पर आरोपियों के परिजनों और ग्रामीणों ने लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। इस हमले में सांकरा थाना प्रभारी (TI) उत्तम तिवारी के सिर और सीने में गंभीर चोटें आई हैं।
Advt

क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, 11 अप्रैल की शाम सांकरा टीआई उत्तम तिवारी अपनी टीम के साथ आबकारी एक्ट के फरार आरोपी विजय मार्कंडेय और विनोद मार्कंडेय को पकड़ने ग्राम पचरी पहुंचे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया, लेकिन जैसे ही उन्हें सरकारी गाड़ी में बैठाने की कोशिश की गई, आरोपियों ने शोर मचाना और गाली-गलौज करना शुरू कर दिया।
परिजनों ने घेरा, पुलिस वाहन पर किया पथराव
आरोपियों के उकसाने पर उनके परिवार के सदस्य (पिता, बहन, पत्नी व अन्य रिश्तेदार) और स्थानीय ग्रामीण एकजुट हो गए। भीड़ ने पुलिस टीम को चारों तरफ से घेर लिया और लाठी, लोहे की छड़ व ईंट-पत्थरों से हमला बोल दिया। हमले के दौरान बीच-बचाव करने आए प्रधान आरक्षक अशवंत मन्नाडे और महिला आरक्षकों को भी चोटें आईं।
हंगामा इतना बढ़ गया कि एक आरोपी की बहन पुलिस वाहन के सामने सड़क पर लेट गई। भीड़ द्वारा किए गए पथराव में हाईवे पेट्रोलिंग वाहन के कांच भी फूट गए।
पुलिस की कार्रवाई
इतने भारी विरोध के बावजूद पुलिस टीम ने साहस दिखाते हुए दोनों मुख्य आरोपियों को हिरासत में लिया और सुरक्षित थाने पहुंची। टीआई उत्तम तिवारी की शिकायत पर पटेवा पुलिस ने विजय मार्कंडेय, विनोद मार्कंडेय और उनके परिजनों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने, मारपीट और जानलेवा हमले की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।








