कोरबा, छत्तीसगढ़ | 04 अप्रैल 2026
कोरबा जिले के कटघोरा-पोड़ी मार्ग पर तानाखार बरपाली के पास शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पोड़ी उपरोड़ा में पदस्थ लोकप्रिय शिक्षक और संकुल प्रभारी जय पांडेय का असामयिक निधन हो गया। इस खबर के बाद से शिक्षा जगत और स्थानीय क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Advt.

बाजार से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, शिक्षक जय पांडेय किसी निजी कार्य से अपनी कार द्वारा कटघोरा आए थे। शुक्रवार शाम बाजार से सब्जी और अन्य सामान लेकर जब वे वापस पोड़ी उपरोड़ा लौट रहे थे, तभी तानाखार के समीप अंधेरे मार्ग पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। रफ्तार अधिक होने के कारण कार सीधे सड़क किनारे एक विशाल पेड़ से जा टकराई।
Advt.

अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम
दुर्घटना इतनी जबरदस्त थी कि कार के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों और स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल कार से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कटघोरा पहुँचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए NKH कोरबा रेफर कर दिया, जहाँ चिकित्सकों ने परीक्षण के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व के थे धनी
स्वर्गीय जय पांडेय वर्तमान में संकुल प्रभारी के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्हें उनके सरल, मिलनसार और मृदुभाषी स्वभाव के लिए जाना जाता था। उनके निधन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में शिक्षक समुदाय और उनके परिचित अस्पताल पहुँचे। क्षेत्र के लोगों ने इसे शिक्षा जगत के लिए एक बड़ी क्षति बताया है।








