▪️ अब वार्डों में लगेंगे समस्या वाले लेटर बॉक्स, महिलाओं के लिए बनेंगे AC प्रसाधन केंद्र, 11 नालों पर लगेगा ट्रीटमेंट प्लांट, NTPC खरीदेगा साफ पानी ▪️

कोरबा | 26 मार्च 2026 नगर पालिक निगम कोरबा के प्रशासनिक भवन ‘साकेत’ में बुधवार को शहर के विकास का नया रोडमैप पेश किया गया। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 915 करोड़ रुपये का बजट पेश किया। महापौर ने इसे एक ‘सर्वसमावेशी’ बजट करार देते हुए कहा कि इसमें झुग्गी-बस्तियों से लेकर पॉश कॉलोनियों तक, हर नागरिक की जरूरतों का ध्यान रखा गया है।



बजट की प्रमुख उपलब्धियां और नवाचार
-
धार्मिक पर्यटन: जोगियाडेरा बस्ती को ‘कौशल्या धाम’ के रूप में भव्य तीर्थ स्थल बनाया जाएगा। यहाँ मंदिर निर्माण के साथ पर्यटकों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित होंगी।
-
पर्यावरण और आय: शहर के 11 बड़े नालों के गंदे पानी को साफ करने के लिए 33 MLD का वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट लगेगा। इस पानी को NTPC को बेचा जाएगा, जिससे निगम को नियमित आय होगी।
-
पाती योजना: नागरिकों की शिकायतों के लिए वार्डों में विशेष लेटर बॉक्स लगेंगे। जनता अपनी समस्या लिखकर डालेगी और महापौर कार्यालय सीधे उसका निराकरण करेगा।
-
महिला सुरक्षा व सुविधा: शहर के सभी 7 जोनों में महिलाओं के लिए वातानुकूलित (AC) प्रसाधन केंद्र बनाए जाएंगे।
-
बुनियादी ढांचा: आईटीआई से बालको मार्ग का नाम ‘जनजातीय गौरव पथ’ होगा। यातायात के दबाव को कम करने के लिए सोनालिया पुल का निर्माण किया जाएगा।
विपक्ष का तीखा प्रहार
बजट भाषण के दौरान सदन में माहौल गरमाया रहा। नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहू ने बजट को जनता के साथ छलावा बताते हुए इसे ‘कॉपी-पेस्ट’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले वर्ष की घोषणाएं अब तक कागजों पर ही हैं। चर्चा के दौरान ढोढ़ीपारा नहर के लोहे के पुल की चोरी का मामला भी उठा, जिस पर सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जोरदार बहस हुई।
महत्वपूर्ण फैसले
सामान्य सभा में कुल 12 प्रस्ताव रखे गए थे, जिनमें से 11 प्रस्तावों को पारित कर दिया गया। हालांकि, बुधवारी बाजार के पुनर्विकास से जुड़े प्रस्ताव पर फिलहाल सस्पेंस बरकरार है और उसे होल्ड पर रख दिया गया है। सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि बजट शहर को नई ऊंचाई पर ले जाने वाला है।
।।।








