अंबिकापुर 16 मार्च : सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पोतका गांव में खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब पुरानी रंजिश के चलते एक 25 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। बारात में आए युवक शीतल को ग्रामीणों ने पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से उसके शव को पानी से भरी डबरी (छोटा तालाब) में फेंक कर फरार हो गए।
विवाद की जड़: एक साल पुराना बदला जानकारी के मुताबिक, हनुमानगढ़ गांव से बारात पोतका गांव पहुंची थी। बताया जा रहा है कि करीब एक साल पहले भी एक शादी के दौरान दोनों गांवों के युवकों के बीच विवाद हुआ था। रविवार रात उसी पुरानी रंजिश को लेकर पोतका के युवकों ने हनुमानगढ़ के बारातियों को घेर लिया।
अंधाधुंध हमला और हत्या विवाद इतना बढ़ा कि पोतका के युवकों ने अचानक हमला बोल दिया। भगदड़ के बीच अन्य युवक तो जान बचाकर भाग निकले, लेकिन शीतल आरोपियों के हत्थे चढ़ गया। हमलावरों ने उसे तब तक पीटा जब तक उसकी जान नहीं निकल गई। हत्या के बाद शिनाख्त मिटाने के लिए शव को पास के डबरी में फेंक दिया गया।
पुलिस की कार्रवाई सोमवार सुबह ग्रामीणों की सूचना पर उदयपुर पुलिस ने शव बरामद किया। सरगुजा एएसपी अमोलक सिंह ने बताया कि:
“पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वर्तमान में एक संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और जल्द ही अन्य फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
वर्तमान में गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
।।।








