बिलासपुर/कोरबा। देश की दिग्गज कोयला कंपनियों में शुमार साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (SECL) ने वर्ष 2026-27 के लिए युवाओं को भविष्य की राह दिखाने की बड़ी तैयारी कर ली है। कंपनी ने विभिन्न ट्रेडों में कुल 1600 अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं, जिसके तहत स्नातक और तकनीकी शिक्षा प्राप्त युवाओं को एक वर्ष का व्यावहारिक औद्योगिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण एसईसीएल की विभिन्न भूमिगत एवं ओपन कास्ट खदानों सहित अन्य संस्थानों में आयोजित होगा।
इंजीनियरिंग और सामान्य स्नातकों को मिलेगा मौका जारी अधिसूचना के मुताबिक, इस भर्ती अभियान में न केवल इंजीनियरिंग बल्कि सामान्य स्नातक जैसे बीबीए, बीसीए, बी.कॉम और बीएससी (केमिस्ट्री) के छात्रों के लिए भी दरवाजे खोले गए हैं। कुल पदों में से 500 पद ग्रेजुएट अप्रेंटिस के लिए हैं, जबकि 1100 पद टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए सुरक्षित रखे गए हैं। कंपनी का मुख्य फोकस खनन क्षेत्र में कुशल मानव संसाधन तैयार करने पर है, यही कारण है कि अकेले टेक्नीशियन अप्रेंटिस (खनन इंजीनियरिंग) के लिए सबसे ज्यादा 900 पद निर्धारित किए गए हैं।
इन विषयों के अभ्यर्थी हो सकते हैं शामिल विभिन्न श्रेणियों में सिविल, इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और दूरसंचार इंजीनियरिंग के युवाओं को मौका मिलेगा। साथ ही, कंप्यूटर एप्लीकेशन और प्रशासन से जुड़े छात्रों के लिए भी पद रिक्त हैं। इस पहल का मूल उद्देश्य युवाओं को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर उद्योग की बारीकियों को समझने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का मंच प्रदान करना है, ताकि भविष्य में उनके लिए रोजगार की संभावनाएं और प्रबल हो सकें।
आवेदन प्रक्रिया और समय-सीमा इच्छुक उम्मीदवारों को सबसे पहले केंद्र सरकार के NATS 2.0 पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। इसके पश्चात, वे 17 मार्च 2026 से 31 मार्च 2026 तक एसईसीएल की आधिकारिक वेबसाइट (secl-cil.in) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकेंगे। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी और पात्रता की शर्तों के लिए अभ्यर्थी वेबसाइट के ‘ह्यूमन रिसोर्स’ विभाग के अंतर्गत ‘अप्रेंटिस’ अनुभाग में जाकर पूरी अधिसूचना देख सकते हैं।
।।।








