प्रेस क्लब का आयोजन काबिले तारीफ : कलेक्टर

कोरबा। खेल की भावना और रोमांच से भरे स्व. केशव लाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 के फाइनल मुकाबले में बालको (BALCO) की टीम ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। घंटाघर मैदान में खेले गए खिताबी मुकाबले में बालको ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शिक्षा विभाग को 57 रनों के बड़े अंतर से परास्त कर विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया।
विजेता टीम बालको👇

उप विजेता टीम शिक्षा विभाग 👇


मैच का रोमांच: मंजय सिंह की तूफानी बल्लेबाजी
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी बालको की टीम ने निर्धारित 10 ओवरों में विपक्षी गेंदबाजों की जमकर खबर ली। 4 विकेट खोकर बालको ने 157 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया। इस विशाल स्कोर की नींव मंजय सिंह ने रखी, जिन्होंने महज 24 गेंदों में 56 रनों की आतिशी पारी खेली। उनकी पारी में 3 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के शामिल थे।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिक्षा विभाग की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी और नियमित अंतराल पर विकेट खोती रही। पूरी टीम 8 विकेट खोकर मात्र 100 रन ही बना सकी और खिताबी दौड़ से बाहर हो गई।
विजेता और व्यक्तिगत सम्मान
मैच के बाद आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में खिलाड़ियों पर पुरस्कारों की बारिश हुई:
-
चैंपियन (बालको): स्व. केशव लाल मेहता स्मृति चमचमाती ट्रॉफी।
-
उपविजेता (शिक्षा विभाग): स्व. बिसाहू दास महंत स्मृति ट्रॉफी।
-
मैन ऑफ द मैच: मंजय सिंह (बालको)।
-
मैन ऑफ द सीरीज: अरविंद मानिकपुरी (बालको 11)।
-
बेस्ट बैट्समैन: मंजय सिंह (बालको 11)।
-
बेस्ट बॉलर: संजय कुर्रे (शिक्षा विभाग)।
-
बेस्ट फील्डर: पुरुषोत्तम केवट (शिक्षा विभाग)।
प्रेस क्लब का आयोजन काबिले तारीफ: कलेक्टर
प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में बतौर मुख्य अतिथि कलेक्टर कुणाल दुदावत, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी व नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय ने उपस्थिति प्रदान कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विशिष्ट अतिथि के तौर पर जिला पंचायत सीईओ दिनेश नाग, भाजयुमो महामंत्री व वरिष्ठ पार्षद नरेंद्र देवांगन, जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय, आईपीएस विमल कुमार ठाकुर, बालको जनसंपर्क अधिकारी दीपक बाजपेई, अदानी पावर हेड अतुल गुप्ता की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में बिलासपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा, उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, सहसचिव हरिकिशन गंगवानी, पूर्व अध्यक्ष तिलक राज सलूजा और वरिष्ठ पत्रकार रविशंकर शुक्ला ने विशेष उपस्थिति प्रदान कर खिलाड़ियों की हौसला अफजाई की।कार्यक्रम में विशिष्ट रूप से स्वर्गीय मेहता की पुत्री मुंबई निवासी इंदु संघवी दामाद पंकज संघवी शामिल हुए।

मुख्य अतिथि की आसंदी से कलेक्टर श्री दुदावत ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब पिछले 22 वर्षों से वरिष्ठ पत्रकार स्व. केशव लाल मेहता की स्मृति में क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करा रहा है। प्रेस क्लब का यह आयोजन काबिले तारीफ है।

नगर निगम आयुक्त श्री पांडेय ने कहा कि प्रशासन सहित विभिन्न विभाग और औद्योगिक उपक्रमों को एक मंच पर लाकर इस तरह का आयोजन करना सराहनीय है। इस आयोजन के लिए प्रेस क्लब परिवार बधाई का पात्र है।

पार्षद श्री देवांगन ने कहा कि वरिष्ठ पत्रकार स्व. की केशवलाल मेहता की स्मृति में लगातार 22 वर्षों से क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह स्वर्गीय मेहता को प्रेस क्लब परिवार की सच्ची श्रद्धांजलि है।

सीईओ श्री नाग ने कहा कि प्रेस क्लब कोरबा के पत्रकार साथियों द्वारा पत्रकारिता के मूल दायित्व के साथ खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना सराहनीय पहल है।





प्रेस क्लब कोरबा द्वारा आयोजित स्व केशवलाल मेहता स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता 2026 के फाइनल मुकाबले को देखने घंटाघर मैदान में क्रिकेट के प्रेमियों की भारी भीड़ रही। प्रतियोगिता के समापन कार्यक्रम में प्रेस क्लब कोरबा के पदाधिकारी, कार्यकारिणी सदस्य, प्रेस क्लब सदस्य, पत्रकारबंधु व बड़ी संख्या में गणमान्य जनों की उपस्थिति रही।








