बलौदा बाजार Murder mystery 18 जनवरी| जिले के हथ बंद-भाटा पारा रेलवे ट्रैक पर मिले बिना सिर के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। इस रोंगटे खड़े कर देने वाली नृशंस हत्या की मास्टरमाइंड मृतक की अपनी पत्नी ही निकली। आरोपी पत्नी ने अपने मामा और दो सुपारी किलर्स के साथ मिलकर केवल 40 हजार रुपये में पति की मौत का सौदा किया और साक्ष्य छिपाने के लिए सिर काटकर अलग दफन कर दिया।
टैटू ने खोला शिनाख्त का राज
बीती 11 जनवरी को रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात बिना सिर का शव मिलने से इलाके में दहशत फैल गई थी। पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती पहचान की थी। मृतक की कलाई पर गुदे “G.K. JOSHI” टैटू और कपड़ों के आधार पर उसकी शिनाख्त बेमेतरा निवासी गैस कुमार जोशी के रूप में हुई।
शराब पार्टी के बाद तलवार से वार
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी पत्नी कुसुम जोशी पति के घरेलू विवाद और अमानवीय व्यवहार से परेशान थी। उसने अपने मामा राजेश भारती और दो सुपारी किलर दारासिंह व करन अनंत के साथ मिलकर साजिश रची। पति को मामा के घर बुलाकर शराब पिलाई गई और फिर कार से ले जाकर तलवार से उसका गला रेत दिया गया। आरोपियों ने पहचान छिपाने के लिए धड़ को पटरी पर फेंका और सिर को डिग्गी इलाके में गड्ढा खोदकर दबा दिया।
पुलिस की गिरफ्त में चारों आरोपी
साइबर सेल और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त कार, तलवार और मोबाइल जब्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।








