कोरबा छत्तीसगढ़ 6 जनवरी 2026: कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (TL) की बैठक में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की फ्लैगशिप योजनाओं और जनशिकायतों के निराकरण में किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को खुद समय पर कार्यालय आने और अधीनस्थों की आधार-फेस आधारित बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
ई-ऑफिस और फाइल मैनेजमेंट पर जोर
कलेक्टर ने डिजिटल गवर्नेंस को बढ़ावा देते हुए सभी विभागों को ई-ऑफिस के माध्यम से ही फाइलें भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नोटशीट के साथ जरूरी दस्तावेज पीडीएफ फॉर्मेट में संलग्न नहीं मिले या फाइल अपूर्ण पाई गई, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
लापरवाह ठेकेदार होंगे ब्लैकलिस्टेड
बैठक के दौरान पसान में पीएचसी भवन निर्माण में देरी पर कलेक्टर ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को दो टूक कहा कि यदि दो दिनों के भीतर काम शुरू नहीं हुआ, तो ठेकेदार को ब्लैकलिस्टेड (Blacklisted) कर उसका अनुबंध समाप्त कर दिया जाए।
वरिष्ठ नागरिकों और किसानों के लिए विशेष निर्देश
-
सियान जतन दिवस: सीएमएचओ को निर्देश दिए गए कि नियमित शिविर लगाकर बुजुर्गों की बीपी, शुगर और हाइपरटेंशन की जांच सुनिश्चित करें।
-
धान खरीदी: सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देशित किया गया कि रकबा संशोधन और तकनीकी त्रुटियों को तुरंत दूर करें, ताकि मूल किसानों को धान बेचने में कोई असुविधा न हो।
सुरक्षा और जनहित के अन्य प्रमुख फैसले:
-
पीएम सूर्यघर योजना: बिजली विभाग को जनपद स्तर पर सरपंचों के साथ बैठक कर इस महीने के भीतर लक्ष्य पूरा करने को कहा गया।
-
आवारा पशु और सुरक्षा: सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का हवाला देते हुए स्कूलों, अस्पतालों और खेल परिसरों में बाउंड्रीवाल व फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए। आवारा कुत्तों के टीकाकरण और नसबंदी के साथ अस्पतालों में एंटी-रेबीज इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
-
स्कूल और मिड-डे मील: शिक्षा विभाग को छात्रों की बायोमेट्रिक अपडेट के लिए कैंप लगाने और मिड-डे मील की ऑनलाइन एंट्री समय पर करने के निर्देश दिए गए।
-
बैंक खातों की समीक्षा: बंद हो चुकी योजनाओं के पुराने बैंक खातों को इस माह के अंत तक बंद कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश कोषालय अधिकारी को दिए गए।
- गणतंत्र दिवस: समारोह के गरिमामय आयोजन के लिए तैयारियां शुरू करने के निर्देश।
बैठक में डीएफओ श्री निशांत कुमार, जिला पंचायत सीईओ श्री दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर श्री देवेंद्र पटेल सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी और विभाग प्रमुख उपस्थित थे।








