Chhattisgarh: Escaped prisoners became a headache for jail management and administration, no clue found, reward of 10 thousand declared, spies also deployed
छत्तीसगढ़/कोरबा: कोरबा जिला जेल से चार विचाराधीन कैदी दीवार फांदकर फरार हो गए। इन कैदियों ने बिजली गुल होने का फायदा उठाकर 25 फीट ऊंची दीवार को फांदा और झाड़ियों में कूदकर भाग निकले। फरार कैदियों में चंद्रशेखर राठिया, दशरथ सिदार, राज कंवर और सरना भीकू शामिल हैं, जो बलात्कार और पॉक्सो एक्ट जैसे गंभीर मामलों में आरोपी थे । फरार कैदी जेल प्रबंधन और प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गये है। इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था के लिए खतरा पैदा कर दिया है। आईजी जेल ने रविवार को कोरबा पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया। फरार कैदियों की खोजबीन के लिए पुलिस की टीम बनाई गयी। एसपी कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने सूचना देने वाले दस हजार रुपए इनाम की घोषणा की है
जेल प्रशासन पर सवाल
इस घटना ने जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मचा दिया है। सवाल उठ रहे हैं कि इतनी बड़ी चूक कैसे हो गई? क्या जेल में कार्यरत और अनुभवी सुरक्षा प्रहरियों का बंदियों पर अति आत्मविश्वास इस घटना की वजह है या फिर सुरक्षा में बड़ी चूक बरती गई? CCTV कक्ष से कैदियों की गतिविधियों की निगरानी में लापरवाही क्यों बरती गई ?
पुलिस कार्रवाई
फरार कैदियों की तलाश में पुलिस एड़ी-चोटी का जोर लगा रही है। जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारी को बंदियों की तस्वीरें जारी कर उनके क्षेत्र में प्रसारित करते हुए सभी सार्वजनिक स्थान पर तलाशी का अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि हमारी जांच टीमों को इस मामले को टास्क के तौर पर दिया गया है कि वे इसे अविलम्ब हल करें। इसके अतिरिक्त गुप्तचरों को भी काम में लगाया गया है।
सूचना देने वाले को दस हजार रुपए इनाम देने की घोषणा
पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी ने फरार बंदियों की गिरफ्तारी में सहयोग करने वालों को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
फरार बंदियों के नाम व विवरण:
1. राजा कंवर (22 वर्ष) – निवासी भुलसीडीह, कोरबा
2. दयाराम सिदार (19 वर्ष) – निवासी पोड़ीबहार
3. सरना सिंधू (26 वर्ष) – निवासी लालघाट मुहल्ला, बालको
4. चंद्रशेखर राठिया (20 वर्ष) – निवासी कमतर, थाना घटघोरा
चारों बंदियों को रायगढ़ जिला से स्थानांतरित कर कोरबा जेल लाया गया था।
कानूनी कार्रवाई:
घटना को लेकर थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 466/2025 धारा 262 बीपीएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा आरोपियों की तलाश जारी है।
सूचना देने हेतु संपर्क:
कंट्रोल रूम कोरबा: 94791 93399
थाना प्रभारी सिविल लाइन रामपुर: 94792 80226
अन्य संपर्क: 76939 13611
जेल महानिदेशक की कार्रवाई
जेल महानिदेशक हिमांशु गुप्ता शनिवार की रात कोरबा पहुंचे और जिला जेल का निरीक्षण किया। उन्होंने घटनाक्रम की जानकारी जेलर और अन्य लोगों से लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। अब देखना यह है कि फरार कैदियों को कब तक पकड़ा जाता है और जेल प्रशासन में किस पर गिरेगी गाज








