Bilha increased the prestige of Chhattisgarh, first in the country in cleanliness, President and Prime Minister praised it
छत्तीसगढ़ न्यूज: छत्तीसगढ़ की नगर पंचायत बिल्हा ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। बिल्हा नगर पंचायत ने स्वच्छता सर्वेक्षण 2024-25 में 20,000 से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे भारतवर्ष में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री की सराहना
इस उपलब्धि के लिए बिल्हा नगर पंचायत को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह में भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 124वें संस्करण में बिल्हा नगर पंचायत की महिलाओं द्वारा किए गए नवाचार और श्रम की सराहना की।
स्वच्छता के क्षेत्र में बिल्हा का मॉडल
बिल्हा नगर पंचायत की आबादी लगभग 15,000 है, जहाँ 28 स्वच्छता दीदियाँ कार्यरत हैं। ये दीदियाँ नगर के 15 वार्डों में घर-घर जाकर ई-रिक्शा के माध्यम से कचरा संग्रहण का कार्य करती हैं और फिर कचरे को SLRM सेंटर में ले जाकर गीला और सूखा कचरा पृथक करती हैं। गीले कचरे से खाद बनाई जाती है और सूखे कचरे को बेचकर ये महिलाएँ आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हो रही हैं।
सफलता का श्रेय
इस सफलता का श्रेय सभी सफाई कर्मचारियों, स्वच्छता दीदियों, नगर पंचायत के अधिकारियों, कर्मचारियों और सकारात्मक सोच वाले जनप्रतिनिधियों को जाता है, जो निरंतर निरीक्षण और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं।
विज्ञान भवन में आयोजित समारोह
17 जुलाई को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य पुरस्कार समारोह भारत की राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मू द्वारा बिल्हा नगर पंचायत को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, नगर पंचायत बिल्हा की अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेन्डरे, मुख्य नगर पालिक प्रवीण सिंह गहलोत, उपाध्यक्ष सतीश शर्मा, पीआईसी सदस्य मोहन डोरिया , तत्कालीन उप अभियंता नरेन्द्र दुबे, सफाई दरोगा यशवंत सिंह, स्वच्छता सुपरवाइजर राकेश डागौर, स्वच्छता दीदी श्रीमती पूजा राठौर, पीआईयू अंकित दुबे मुख्य रूप से उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की प्रतिक्रिया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि बिल्हा नगर पंचायत ने स्वच्छता के क्षेत्र में जो कीर्तिमान स्थापित किया है, वह सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि बिल्हा ने न केवल छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है बल्कि यह सिद्ध किया है कि संकल्प, सहभागिता और सेवाभाव से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता हैं।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बिल्हा नगर पंचायत की यह सफलता हमारे नगरीय निकायों की प्रतिबद्धता, कार्यशैली और जनभागीदारी का जीवंत उदाहरण है ।








