नेशनल न्यूज: गुरुग्राम में एक टेनिस खिलाड़ी राधिका यादव की उनके पिता ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। 25 वर्षीय राधिका राज्य स्तरीय खिलाड़ी थीं और एक टेनिस एकेडमी भी चलाती थीं। आरोपी पिता दीपक यादव ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से तीन गोलियां मारीं, जिससे राधिका की जान चली गई।
कौन थीं राधिका यादव?
राधिका का जन्म 23 मार्च सन 2000 में हुआ था और वह अपने परिवार के साथ गुरुग्राम के सेक्टर 57 स्थित सुशांत लोक फेज 2 रेसिडेंसी में रहती थी। राधिका अंतर्राष्ट्रीय टेनिस महासंघ (ITF) में युगल (डबल्स) टेनिस खिलाड़ी के रूप में 113वें स्थान पर थीं। वह ITF युगल में शीर्ष 200 में भी शामिल थी। खबरों के अनुसार वह महिला युगल वर्ग में हरियाणा में पांचवें स्थान पर थीं। बिज़नेस स्टैंडर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, राधिका यादव अपने साथियों के साथ शीर्ष खिलाड़ियों में से एक के रूप में उभर रही थीं।
क्या है मामला?
– सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद: प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद हुआ था। राधिका को रील बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर करने का शौक था, जो शायद उसकी मौत का कारण बन गया।
– टेनिस एकेडमी को लेकर विवाद: कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में पुलिस के हवाले से कहा जा रहा है कि राधिका एक टेनिस एकेडमी चलाती थी, और इसी बात को लेकर पिता बेटी से नाराज था। पिता ने कई बार बेटी से अकेडमी बंद करने की बात कही थी, लेकिन राधिका नहीं मानी।
पुलिस ने क्या कहा?
– आरोपी पिता ने कबूला जुर्म: पुलिस पूछताछ में आरोपी पिता दीपक यादव ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।
– अपराध में इस्तेमाल हथियार बरामद: पुलिस ने अपराध में इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया है।
दुःख व्यक्त किया पूर्व कोच ने
यादव के पूर्व कोच, मनोज भारद्वाज ने राधिका की मौत पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए इसे एक बहुत बड़ी क्षति बताया। उन्होंने कहा, ‘राधिका एकाग्र, अनुशासित और बेहद प्रतिभाशाली खिलाड़ी थीं। यह एक बहुत बड़ी क्षति है।’








