रायपुर/छत्तीसगढ़: सोमवार को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में मूसलाधार बारिश के बावजूद कांग्रेस द्वारा आयोजित जनसभा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस भीड़ ने प्रदेश में विपक्षी दल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भर दिया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने जब जनसभा को संबोधित किया इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्ता कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाते रहे।
खड़गे बोले- जंगलों पर अडाणी- अंबानी का कब्ज़ा
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- कांग्रेस को भाजपा बदनाम करने का काम करती है। आकाश में चील भी उड़ती है तो ये भय दिखाकर डराते हैं जो डर गया सो मर गया, इसलिए हमारे कार्यकर्ता नहीं डरेंगे। जल, जंगल, जमीन को बचाने के लिए हमें एकजुट होना होगा।अडाणी अंबानी जैसे लोग आकर यहां कब्जा कर रहे हैं। मोदी छत्तीसगढ़ के लोगों की जिंदगी तबाह करने का काम कर रहे हैं। यहां के मुख्यमंत्री ऐसे हैं जो बैठो बोलो तो बैठते हैं ,उठो बोलो तो उठते हैं, वे खुद परेशान हैं पर कुर्सी छोड़ना भी नहीं चाहते। यह छत्तीसगढ़ के स्वाभिमान के लिए धोखा है, अपमान है।
छत्तीसगढ़ से मेरा खास रिश्ता
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा- भारी बारिश के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में लोग आए हैं। यह बताता है पार्टी के लिए आप सब मर मिटने तैयार हैं। मेरा छत्तीसगढ़ के साथ एक खास रिश्ता है। रायपुर में मेरी अध्यक्षता में कांग्रेस का अधिवेशन हुआ था। 15 हजार डेलिगेट्स ने मिलकर प्रस्ताव पारित किया।
NDA सरकार पर तीखा प्रहार
मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) सरकार पर तीखा प्रहार किया और कहा कि यह सरकार “सिर्फ दो पांव पर टिकी” हुई है। जिसमें से एक टीडीपी और दूसरी नीतीश बाबू की है ,एक भी हटी तो ये सरकार गिर जाएगी। उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार को भी आड़े हाथों लिया।
ये उत्साह चुनाव में दिखाना अभी चुप बैठो
खड़गे की सभा के बीच नारेबाजी जमकर उत्साहित कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद जिंदाबाद के गगनभेदी नारे लगाने लगे तो कांग्रेस अध्यक्ष ने हंसते हुए कहा कि ये उत्साह चुनाव में दिखाना अभी चुप बैठो। उन्होंने कहा रायपुर से सामाजिक न्याय का जो नारा बुलंद हुआ उसने 2024 में भाजपा को जवाब दिया। मोदी अपने दम पर सरकार नहीं बना सके दो टांगों पर मोदीजी की सरकार चल रही है। अगर ये दोनों कभी लात मार दिए तो सरकार गिर जाएगी। हमें कुछ और सीटें मिलती तो हम मोदी को गुजरात भेज देते।
खड़गे ने केंद्र सरकार की नीतियों को घेरा
अपने संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार की नीतियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने विशेष रूप से देश में बढ़ती महंगाई, भयावह बेरोजगारी और किसानों से जुड़े मुद्दों को उठाया। खड़गे ने आरोप लगाया कि NDA सरकार केवल कुछ बड़े उद्योगपतियों के हितों की रक्षा कर रही है और देश की आम जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है।
राहुल गांधी को पीएम बनने से रोका गया-
खड़गेखड़गे ने कहा- कांग्रेस के अधिवेशन को प्रभावित करने की कोशिश किया। साथ ही ED- IT भेजकर परेशान करने की कोशिश की। हमारे छत्तीसगढ के लोग डरे नहीं कभी नहीं डरेंगे। अभी भी हमारे नेताओं को सताने का काम चल रहा है। राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनने से रोकने की कोशिश है। राहुल गांधी और सोनिया गांधी पर भी केस कर दिया।
मौसम की चुनौतियों के बावजूद उमड़ा जनसैलाब
सभा के पहले सोमवार को सुबह से ही रायपुर और आसपास के इलाकों में लगातार भारी बारिश हो रही थी। साइंस कॉलेज के सभा स्थल पर सब तरफ पानी ही पानी था।इसके बावजूद, कांग्रेस के नेता, कार्यकर्ता और आम जनता बड़ी संख्या में साइंस कॉलेज मैदान स्थित सभा स्थल पर पहुंचे।दोपहर बारिश रुकने के बाद सभा में भीड़ बढ़ती ही गई। वाटरप्रूफ पंडालों के नीचे गिरते पानी में भीगते हुए भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं और लोगों डटे रहकर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं के भाषणों को सुना। प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार होने के बावजूद खराब मौसम में इस तरह की भीड़ का जुटना, आगामी राजनैतिक परिस्थितियों के मद्देनजर कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी साधा वर्तमान सरकार पर निशाना
सभा में उपस्थित छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी मंच से जनता को संबोधित किया। उन्होंने अपनी पिछली कांग्रेस सरकार (जब वे मुख्यमंत्री थे) की विभिन्न जन-कल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने किस प्रकार किसानों, मजदूरों और गरीबों के हितों को सर्वोपरि रखा था और उन्हें सशक्त करने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए थे। बघेल ने प्रदेश की वर्तमान बीजेपी सरकार की नीतियों पर भी जमकर निशाना साधा और कहा कि जनता ने बदलाव के लिए जनादेश दिया था, लेकिन उम्मीदें पूरी नहीं हो रही हैं।किसान खाद के लिए भटक रहे है।बघेल के अलावा कांग्रेस नेता सचिन पायलट,पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज,नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत ने भी सभा को संबोधित किया।मंच पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल सहित प्रदेश और रायपुर के प्रमुख नेता आसंदी ग्रहण किए हुए थे।खड़गे को कांग्रेस जनों ने हल भेंट में दिया।








