Home » शिक्षात्मक » शिक्षण » सैनिक स्कूल: कक्षा 6वीं से शुरू होता है सैन्य अधिकारी बनने का सफर, AISSEE 2027 के लिए आवेदन जारी

सैनिक स्कूल: कक्षा 6वीं से शुरू होता है सैन्य अधिकारी बनने का सफर, AISSEE 2027 के लिए आवेदन जारी

Share:

रायपुर, 19 नवंबर 2026: भारतीय सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने का सपना संजोए विद्यार्थियों के लिए सैनिक स्कूल अनुशासन और मजबूत तैयारी की पहली सीढ़ी हैं। वर्ष 1961 में तत्कालीन रक्षा मंत्री वी.के. कृष्ण मेनन की पहल पर देश का पहला सैनिक स्कूल महाराष्ट्र के सतारा में शुरू किया गया था। इसका प्रमुख उद्देश्य राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) के लिए योग्य कैडेट तैयार करना और देश के हर क्षेत्र से सैन्य नेतृत्व में भागीदारी सुनिश्चित करना है।

33 सैनिक स्कूल, नए साझेदारी स्कूल और बेटियों को मौका

रक्षा मंत्रालय के अंतर्गत सैनिक स्कूल सोसाइटी द्वारा संचालित स्कूलों की संख्या वर्तमान में 33 है, जिनके साथ नए साझेदारी सैनिक स्कूल (New Sainik Schools) भी जुड़ चुके हैं। आप पढ़ रहे हैं द खटिया खड़ी न्यूज।वर्ष 2021-22 से इन संस्थानों में लड़कियों को भी प्रवेश दिया जा रहा है। इसके अतिरिक्त देहरादून स्थित राष्ट्रीय भारतीय सैन्य कॉलेज (RIMC, स्थापना 1922) तथा चौल, अजमेर, धौलपुर, बेलगाम और बेंगलुरु स्थित पांच राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल (RMS) भी सैन्य प्रशिक्षण के प्रमुख संस्थान हैं।

AISSEE 2027: संभावित सीटें और पात्रता

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (AISSEE) आयोजित की जा रही है। इसके माध्यम से 33 सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं और 9वीं, जबकि 80 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6वीं तथा 40 नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 9वीं में प्रवेश मिलेगा। मौजूदा सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 के लिए 3,160 संभावित सीटें (जिनमें 351 सीटें लड़कियों के लिए) और कक्षा 9 के लिए 732 सीटें हैं।

प्रवेश के लिए आयु सीमा और शैक्षणिक अर्हता इस प्रकार तय की गई है:

  • कक्षा 6वीं: 31 मार्च 2027 को आयु 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए (जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच)।

  • कक्षा 9वीं: 31 मार्च 2027 को आयु 13 से 15 वर्ष के बीच होनी चाहिए (जन्मतिथि 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच) और कक्षा 8वीं उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। कक्षा 9 में लड़कियों के लिए प्रवेश उपलब्ध सीटों पर निर्भर रहेगा।

परीक्षा पैटर्न, चयन प्रक्रिया और आरक्षण

यह परीक्षा 31 जनवरी 2027 को पेन-एंड-पेपर (OMR) मोड में होगी और इसमें कोई नेगेटिव मार्किंग नहीं है।

  • कक्षा 6: 150 मिनट की परीक्षा कुल 300 अंकों की होगी (गणित 150 अंक, भाषा, बुद्धिमत्ता और सामान्य ज्ञान/पर्यावरण अध्ययन प्रत्येक 50 अंक)। यह परीक्षा 13 भाषाओं में दी जा सकती है।

  • कक्षा 9: 180 मिनट की परीक्षा 400 अंकों की होगी, जो केवल अंग्रेजी माध्यम में होगी।

अभ्यर्थियों को प्रत्येक विषय में कम से कम 25 प्रतिशत और कुल मिलाकर 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। लिखित परीक्षा के बाद मेडिकल जांच और काउंसलिंग होगी। मौजूदा 33 सैनिक स्कूलों में 67 प्रतिशत सीटें गृह-राज्य के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित हैं।

RIMC और RMS से जुड़ी अहम जानकारी

RIMC में केवल कक्षा 8 में प्रवेश दिया जाता है। जुलाई 2027 सत्र की प्रवेश परीक्षा (RIMCEE), जो अब NTA द्वारा पेन-एंड-पेपर मोड में आयोजित होती है, 6 दिसंबर 2026 को अंग्रेजी, गणित और सामान्य ज्ञान विषयों में होगी, जिसके बाद वाइवा और मेडिकल होगा। आप पढ़ रहे हैं द खटिया खड़ी न्यूज। इसके लिए 1 जुलाई 2027 को आयु 12½ से 14 वर्ष (जन्मतिथि 2 जुलाई 2013 से 1 जनवरी 2015 के बीच) होनी चाहिए। वहीं, RMS की कक्षा 6 और 9 की कॉमन एंट्रेंस टेस्ट (CET) 13 दिसंबर 2026 को निर्धारित है। दोनों संस्थानों के लिए आवेदन की अंतिम तिथि (RIMC की 30 सितंबर और RMS की 20 अक्टूबर) निकल चुकी है, ऐसे में अभिभावकों को आगामी सत्र के लिए अभी से तैयारी शुरू कर देनी चाहिए।

आवेदन तिथियां, शुल्क और हेल्पलाइन

इच्छुक उम्मीदवार 3 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 (रात 11:50 बजे तक) केवल ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ 3 से 6 दिसंबर तक आवेदन का अवसर मिलेगा, जबकि 7 से 9 दिसंबर के बीच आवेदन पत्र में सुधार किया जा सकेगा। एडमिट कार्ड 25 जनवरी 2027 को जारी होंगे। आवेदन शुल्क 850 रुपये (SC/ST वर्ग के लिए 700 रुपये) निर्धारित है। किसी भी सहायता के लिए 011-40759000 पर संपर्क या aissee@nta.ac.in पर ईमेल किया जा सकता है।