Home » कोरबा » धुएं में उड़ता बचपन, रीलबाजी के दौर में नशे की लत पर कड़ा प्रहार: कोरबी धतूरा के सात छात्रों पर गिरी अनुशासन की गाज

धुएं में उड़ता बचपन, रीलबाजी के दौर में नशे की लत पर कड़ा प्रहार: कोरबी धतूरा के सात छात्रों पर गिरी अनुशासन की गाज

Share:

कोरबा (पाली/हरदीबाजार) School Discipline📍स्कूल की चारदीवारी से निकलकर नशे की गिरफ्त में फंसती किशोर पीढ़ी का एक और चेहरा सोशल मीडिया के जरिए सामने आया है। पाली विकासखंड के कोरबी धतूरा (हरदीबाजार) स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के पांच छात्रों और दो छात्राओं के नशा करते वीडियो वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्कूल प्रबंधन ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी सात विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (TC) थमाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

खंडहर और सुनसान जगहों पर नशे का वीडियो सूत्रों के मुताबिक, वायरल हुए एक वीडियो में स्कूल की पोशाक में दिख रहे कुछ छात्र परिसर के पीछे बने खंडहरनुमा स्थान पर गांजा पीते नजर आ रहे हैं। यह वीडियो 14 नवंबर का बताया जा रहा है। वहीं, दूसरे वीडियो में कक्षा 9वीं की दो छात्राएं एक सुनसान जगह पर सिगरेट पीती दिख रही हैं और उनके बीच अभद्र संवाद भी सुनाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो खुद छात्राओं ने शूट किया था, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

अभिभावकों को दिखाया वीडियो, DEO बेखबर वीडियो सार्वजनिक होते ही प्राचार्य बलभद्र सिंह ने शाला प्रबंधन समिति और संबंधित बच्चों के अभिभावकों की आपात बैठक बुलाई। बैठक में पालकों को वीडियो दिखाकर स्थिति से अवगत कराया गया। अनुशासनहीनता को गंभीर मानते हुए पांच छात्रों और दो छात्राओं को टीसी जारी करने का नोटिस दिया गया है। प्राचार्य ने इस पूरे घटनाक्रम की लिखित सूचना जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी है, हालांकि जिला शिक्षा अधिकारी टीपी उपाध्याय ने मामले की जानकारी होने से अनभिज्ञता जताई है।

सिर्फ स्कूल का मामला नहीं, पूरे तंत्र पर सवाल यह घटना महज सात विद्यार्थियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बदलती लाइफ स्टाइल, दिखावे की रीलबाजी और किशोरों में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगाती है। शहर से लेकर ग्रामीण और उप-नगरीय क्षेत्रों तक सिगरेट, बीड़ी, गुटखा और सूंघने वाले नशे (सॉल्वेंट/एडहेसिव) की आसान उपलब्धता गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है।

स्लम और कमजोर आर्थिक पृष्ठभूमि वाले इलाकों में नशे की लत के चलते नाबालिगों के अपराध और चोरी की घटनाओं में लिप्त होने के मामले भी सामने आते रहे हैं। कई असामाजिक तत्व और गिरोह किशोरों को नशे का आदी बनाकर उनसे अवैध काम करवाने तक का खेल खेल रहे हैं।

कहां टिकते हैं नियम-कानून? तंबाकू और नशीले पदार्थों के खिलाफ कोटपा (COTPA) समेत अन्य कानूनों के बावजूद जमीनी स्तर पर नशे के सौदागरों का नेटवर्क पनपता दिख रहा है। केवल टीसी देकर विद्यार्थियों को बाहर कर देना तात्कालिक कार्रवाई हो सकती है, लेकिन नशे की सप्लाई चेन तोड़ने और रीलबाजी के जरिए इसे ‘कूल’ या सामान्य दिखाने की प्रवृत्ति को रोकने के लिए परिवार, समाज, शिक्षा विभाग और प्रशासन—सभी को मिलकर ठोस कदम उठाने होंगे।