कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। जिले के करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नोनबिर्रा में मंगलवार शाम करीब 5 बजे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार बस ने स्कूटी सवार दो युवकों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान नोनबिर्रा स्थित बनियापारा के निवासी शुभम गुप्ता (23 वर्ष) और यशवंत गुप्ता (26 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों आपस में गहरे मित्र थे। हादसे को अंजाम देने के बाद चालक बस सहित मौके से फरार हो गया। दशहरे के पर्व के बीच हुई इस दुखद घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है; परिवारों की खुशियां पल भर में मातम में बदल गई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही करतला पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार बस तथा उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।




