Coal India News 16 Oct.2026: दिवाली से ठीक पहले कोल इंडिया के ठेका श्रमिकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कोल इंडिया लिमिटेड ने परिवर्तनशील महंगाई भत्ता (वीडीए) में संशोधन करते हुए न्यूनतम दैनिक मजदूरी में 165 से 177 रुपए तक की बढ़ोतरी की है। नई दरें 1 अक्टूबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी।

एसईसीएल के 8 हजार श्रमिकों को मिलेगा सीधा लाभ
कोल इंडिया के मानव संसाधन एवं औद्योगिक संबंध विभाग के आदेशानुसार, औद्योगिक श्रमिकों का औसत मूल्य सूचकांक 431.42 तक पहुंचने पर वीडीए में यह संशोधन किया गया है। इसका लाभ एसईसीएल समेत कोल इंडिया की सभी अनुषंगी कंपनियों के लगभग 1 लाख ठेका श्रमिकों को मिलेगा। अकेले एसईसीएल के करीब 8 हजार श्रमिक इस दायरे में हैं, जो गेवरा, दीपका, कुसमुंडा और कोरबा क्षेत्र की खदानों में बोरिंग, ढुलाई, ओवरबर्डन हटाने, सपोर्ट वर्क और सफाई जैसे कार्यों से जुड़े हैं।
श्रेणीवार संशोधित दैनिक मजदूरी
-
अकुशल श्रमिक: 1,176 से बढ़कर 1,341 रुपए प्रतिदिन
-
अर्द्ध कुशल / अकुशल पर्यवेक्षी श्रमिक: 1,375 रुपए प्रतिदिन
-
कुशल श्रमिक: 1,409 रुपए प्रतिदिन
-
उच्च कुशल श्रमिक: 1,443 रुपए प्रतिदिन
दिवाली से पहले अतिरिक्त राहत की उम्मीद
वीडीए में इस संशोधन का मुख्य उद्देश्य बढ़ती महंगाई के प्रभाव को कम करते हुए श्रमिकों की वास्तविक आय को राहत पहुंचाना है। चूंकि नई दरें 1 अक्टूबर से प्रभावी हैं, इसलिए ठेकेदारों को इसी तारीख से संशोधित दरों के आधार पर भुगतान करना होगा। दैनिक मजदूरी में इस बढ़ोतरी के साथ ठेका कामगारों को पीएलआर (परफॉरमेंस रिलेटेड रिवार्ड) का लाभ भी मिलने की उम्मीद है, जिससे इस त्योहारी सीजन में उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। हालांकि, श्रमिक संगठनों की नजर इस बात पर टिकी है कि यह बढ़ा हुआ भुगतान धरातल पर समय पर सुनिश्चित होता है या नहीं।



