कोरबा 2 सितंबर Korba Municipal Corporation। नगर पालिक निगम कोरबा में प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से एक बड़ा फेरबदल किया गया है। निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय द्वारा डिजिटल हस्ताक्षर से जारी आदेश के तहत 6 अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली में बदलाव करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

इस प्रशासनिक सर्जरी से मुख्य रूप से निगम की आय से जुड़ी महत्वपूर्ण शाखाओं—जैसे राजस्व, जलकर, संपत्तिकर, और संपदा शाखा के साथ-साथ कोसाबाड़ी और पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन का प्रभार प्रभावित हुआ है।
किसे मिली क्या नई जिम्मेदारी:
-
सुमीत गुप्ता (सहायक राजस्व अधिकारी): कोसाबाड़ी जोन के उप जोन प्रभारी के दायित्व से मुक्त करते हुए राजस्व एवं जलकर शाखा का सहायक नोडल बनाया गया है। वे उपायुक्त व नोडल अधिकारी नीरज कौशिक के मार्गदर्शन में कार्य करेंगे।
-
श्रीराम सिंह नेताम (कार्यालय अधीक्षक): कैश शाखा से हटाकर संपत्तिकर शाखा के सहायक नोडल की जिम्मेदारी दी गई है।
-
अविनाश जायसवाल (राजस्व निरीक्षक): पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन के उप जोन प्रभारी से हटाकर कोसाबाड़ी जोन का नया उप जोन प्रभारी नियुक्त किया गया है।
-
भावेश यादव (राजस्व उप निरीक्षक): संपदा शाखा के सहायक नोडल पद पर पदस्थ किया गया है।
-
उत्तम राठौर (राजस्व उप निरीक्षक): कोरबा जोन से स्थानांतरित कर पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन का उप जोन प्रभारी बनाया गया है।
-
राम महतो (सहायक राजस्व निरीक्षक): संपदा शाखा (कॉम्प्लेक्स/दुकान) में नई पदस्थापना दी गई है।
राजस्व वसूली को गति देने की कवायद निगम के राजस्व संग्रहण और संपदा प्रबंधन से जुड़े इन महत्वपूर्ण बदलावों का सीधा असर शहर की व्यवस्था और निगम की वित्तीय वसूली पर पड़ेगा। अब देखना होगा कि इस नए प्रशासनिक समीकरण से राजस्व वसूली और जोन स्तरीय कामकाज में कितनी तेजी आती है।
आदेश प्रति









