जांजगीर-चांपा 1 सितंबर Ancient Coins Found : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के अकलतरा थाना अंतर्गत ग्राम परसाही बाना में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मकान के निर्माण के लिए की जा रही खुदाई के दौरान प्राचीन मूर्तियां और ब्रिटिशकालीन सिक्के बरामद हुए। दावा किया जा रहा है कि मिले सिक्कों में से एक पर “ONE ANNA”, “EAST INDIA COMPANY” और वर्ष 1818 अंकित है। घटना के बाद से पूरे इलाके में यह खबर आग की तरह फैल गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी पुरातात्विक वस्तुओं को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

सपने के बाद बैगा को बुलाया, पूजा-पाठ के बाद हुई खुदाई
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के निवासी सम्पत कंवर अपने घर में नए निर्माण कार्य के लिए नींव की खुदाई करवा रहे थे। इसी बीच सम्पत ने ग्रामीणों को बताया कि उन्हें रात में एक सपना आया था, जिसमें घर की नींव के नीचे सोने की मूर्तियां और कीमती सिक्के दबे होने के संकेत मिले थे। इसके बाद सम्पत ने गांव के ही एक बैगा को बुलाकर पूजा-पाठ करवाई और खुदाई शुरू की, जिसमें मूर्तियां और पुराने सिक्के निकल आए।
‘सोने का खजाना’ समझ सम्पत और बैगा में छिड़ी जंग
मूर्तियां निकलते ही विवाद की स्थिति बन गई। बैगा को अंदेशा हुआ कि मूर्तियां धातु नहीं बल्कि सोने की हैं और इनकी कीमत लाखों में हो सकती है, जिसके बाद वह उन्हें अपने साथ ले जाने पर अड़ गया। दूसरी ओर सम्पत कंवर का तर्क था कि चूंकि यह खजाना उनकी निजी जमीन से निकला है, इसलिए इस पर उनका हक है। दोनों के बीच बात इतनी बढ़ी कि मामला सुलझाने के लिए सम्पत कंवर को पुलिस की शरण लेनी पड़ी।
सिक्कों पर 1818 और ‘EAST INDIA COMPANY’
अंकित पुलिस की कस्टडी में आई पुरातात्विक वस्तुओं में मुख्य आकर्षण एक सिक्का है, जिस पर ईस्ट इंडिया कंपनी, वन आना और 1818 अंकित है। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने अभी तक मूर्तियों या सिक्कों के धातु (सोना, तांबा या पीतल) होने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुरातत्व विभाग की जांच के बाद खुलेगा रहस्य
अकलतरा थाना प्रभारी जय कुमार साहू ने बताया कि सम्पत कंवर के घर से जब्त सभी वस्तुओं को मालखाने में सुरक्षित रखा गया है। इनकी वास्तविक ऐतिहासिकता, समय और धातु की पुष्टि के लिए राज्य पुरातत्व विभाग को पत्र भेजा गया है। विशेषज्ञों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह वाकई कोई ऐतिहासिक धरोहर है या मामला कुछ और है।








