कोरबा। 80वें स्वतंत्रता दिवस के शुभ अवसर पर न्यू कोरबा हॉस्पिटल परिसर में अत्यंत गरिमामय और प्रेरणादायक ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ग्रुप डायरेक्टर डॉ. एस. चंदानी ने निर्धारित समय सुबह 9 बजे अस्पताल में भर्ती एक मरीज के साथ मिलकर तिरंगा फहराया। ध्वजारोहण के उपरांत सामूहिक राष्ट्रगान हुआ और देश की आजादी के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
Advt

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. एस. चंदानी ने प्रदेश व जिलावासियों को स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ की बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह पर्व हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान और आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश सेवा करने का जज्बा देता है। उन्होंने सभी से महापुरुषों के नैतिक मूल्यों और जिम्मेदारी की भावना को जीवन में उतारने का आह्वान किया।
चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को प्रेरित करते हुए डॉ. चंदानी ने कहा कि मरीजों की निःस्वार्थ सेवा और बेहतर स्वास्थ्य देखभाल हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पूरी टीम से नई ऊर्जा के साथ मरीजों को सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. एस. पालीवाल, डॉ. आर. पालीवाल, डॉ. अविनाश तिवारी, डॉ. अविनाश सिंह, डॉ. नीतीश भट्ट, डॉ. नीलेश भट्ट, डॉ. गजेंद्र कुमार, डॉ. मनीष गोयल, डॉ. शिवानी प्रगदा, डॉ. नेहा सिंह, डॉ. रिया, डॉ. रतनदीप तिवारी, डॉ. नंद, डॉ. आशीष यादव सहित रूना रागिनी, राजेश चंदानी, नाहिदा परवीन, अंकिता चक्रवर्ती एवं सभी विभागों के प्रमुख व स्टाफ उपस्थित रहे।
समारोह के समापन पर चिकित्सकों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने अस्पताल के वार्डों में जाकर भर्ती मरीजों और उनके परिजनों को मिठाइयां बांटीं।








