रायपुर, 14 जुलाई 2026 Population Stabilization : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में स्वस्थ और खुशहाल परिवार की अवधारणा को बढ़ावा देने के लिए 11 से 18 जुलाई तक ‘जनसंख्या स्थिरीकरण पखवाड़ा’ मनाया जा रहा है। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार, जिले में परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने के लिए अभियान तेज कर दिया गया है।
Advt

इसी कड़ी में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जी.एस. जात्रा ने एक विशेष जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घूमकर लोगों को सुरक्षित मातृत्व, जनसंख्या स्थिरीकरण और सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी देगा।
‘सही अंतराल’ थीम पर केंद्रित है अभियान
इस वर्ष अभियान की थीम ‘जब बच्चे में हो सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल’ रखी गई है। स्वास्थ्य विभाग का मुख्य फोकस योग्य दंपतियों को दो बच्चों के बीच कम से कम तीन साल का सुरक्षित अंतर रखने और गर्भधारण के सही समय के प्रति जागरूक करना है, ताकि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य बेहतर बना रहे।
सास-बहू सम्मेलन और परामर्श शिविरों का आयोजन
अभियान के तहत जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में ‘सास-बहू सम्मेलन’ और परामर्श शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इनके जरिए ग्रामीण स्तर पर परिवार नियोजन को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर किया जा रहा है।
सभी साधन मुफ्त, पुरुष नसबंदी पर ₹3,000 की प्रोत्साहन राशि
-
निःशुल्क सुविधाएं: जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में कॉपर-टी, अंतरा इंजेक्शन, गर्भनिरोधक गोलियां (छाया और माला-एन) तथा निरोध पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध हैं।
-
पुरुष नसबंदी पर प्रोत्साहन: परिवार नियोजन में पुरुषों की भागीदारी बढ़ाने के लिए पुरुष नसबंदी कराने वाले हितग्राहियों को सरकार द्वारा ₹3,000 की प्रोत्साहन राशि दी जा रही है। 11 से 18 जुलाई तक जिला चिकित्सालय जशपुर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पत्थलगांव में यह सुविधा रोजाना उपलब्ध रहेगी।
स्वास्थ्य विभाग ने जिले के सभी योग्य दंपतियों से अपील की है कि वे इन निःशुल्क सेवाओं का लाभ उठाएं और एक स्वस्थ व खुशहाल परिवार के निर्माण में अपना योगदान दें।
📍








