कोरबा (छत्तीसगढ़) 28 जून । छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बेहद अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहाँ बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में एक शख्स ने अपने परिचित से चोरी करने के लिए आदमियों की डिमांड कर दी। जब परिचित ने इस अजीब माँग को पूरा करने से मना किया, तो आरोपी ने उस पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
Advt

Advt

क्या है पूरा मामला?
घटना 24 जून की रात करीब 9:30 बजे की है। ग्राम लालपुर अरदा निवासी रंजय, जो पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं, अपनी पत्नी सुलेखा देवी के साथ घर पर बैठे थे। इसी दौरान उनका एक परिचित लक्ष्मीनारायण वहाँ बेहद शराब के नशे में पहुँचा। वह जियो पेट्रोल पंप पर मजदूरी का काम करता है।
शराबी की ‘अजीब डिमांड’
लक्ष्मीनारायण ने रंजय से कहा कि उसके साढ़ू ने उस पर चोरी का आरोप लगाया है, इसलिए अब वह सच में पेट्रोल पंप पर चोरी करना चाहता है। उसने रंजय से कहा:
“मुझे पेट्रोल पंप का सामान चोरी करना है, मुझे इसके लिए आदमी चाहिए।”
रंजय ने उसे समझाने की कोशिश की कि वह बहुत नशे में है और उसे सुबह आकर बात करने को कहा। इसके बाद आरोपी वहाँ से चला गया।
मना करने पर गर्दन पर किया चाकू से वार
करीब 15 मिनट बाद लक्ष्मीनारायण दोबारा रंजय के पास पहुँचा और धमकी देते हुए कहा, “तुम मुझे चोरी के लिए आदमी दो, नहीं तो मैं तुम्हें जान से मार दूँगा।” जब रंजय ने साफ कहा कि उसके पास चोरी करने के लिए कोई आदमी नहीं है, तो आरोपी तैश में आ गया। उसने अपने पास रखे चाकू से रंजय की गर्दन पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
रंजय ने खुद को बचाते हुए चाकू छीनने की कोशिश की, जिससे चाकू जमीन पर गिर गया और आरोपी मौके से भाग निकला।
अस्पताल में भर्ती, मामला दर्ज
चाकू लगने से रंजय की गर्दन से काफी खून बहने लगा। परिजनों ने तुरंत डायल 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुँची एम्बुलेंस से घायल रंजय को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कटघोरा ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है।
अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद प्रार्थी रंजय की शिकायत पर बांकी मोंगरा पुलिस ने आरोपी लक्ष्मीनारायण के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 118(1) और 351(3) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।








