Home » Uncategorized » महिला अधिवक्ता हत्याकांड: रायगढ़ में वकीलों का फूटा गुस्सा, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निकाला पैदल मार्च

महिला अधिवक्ता हत्याकांड: रायगढ़ में वकीलों का फूटा गुस्सा, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए निकाला पैदल मार्च

Share:

रायगढ़, 15 मई। महिला अधिवक्ता आराधना सिदार की नृशंस हत्या के विरोध में आज रायगढ़ के अधिवक्ताओं ने लामबंद होकर कड़ा विरोध प्रदर्शन किया। वकीलों ने जिला न्यायालय परिसर से पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय तक एक विशाल आक्रोश रैली निकाली और आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

चार दिन पहले मिला था अज्ञात शव : गौरतलब है कि लगभग चार दिन पहले पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमीडीह में एक महिला का  शव बरामद हुआ था। शव की स्थिति इतनी खराब थी कि चेहरा पहचान में नहीं आ रहा था, जिसके कारण पुलिस शिनाख्त के लिए लगातार मशक्कत कर रही थी। बुधवार को मृतका की बहन ने कपड़ों और अन्य निजी सामानों के आधार पर शव की पहचान अपनी बहन आराधना सिदार के रूप में की।

न्याय की गुहार और वकीलों का आक्रोश :आराधना सिदार पेशे से वकील थीं, जिसकी वजह से इस घटना ने पूरे जिले के अधिवक्ता समुदाय में भारी रोष पैदा कर दिया है। प्रदर्शन के दौरान वकीलों ने कहा कि एक महिला अधिवक्ता की हत्या कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल है। उन्होंने मांग की है कि पुलिस मामले में त्वरित कार्रवाई करे और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाए। मृतका की बहन ने भी पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए अपराधियों को जल्द सलाखों के पीछे भेजने की अपील की है।


Leave a Comment