हत्यारोपी पति की पुलिस को सरगर्मी से तलाश, 6 माह की बेटी को रोता छोड़ दो साल के बेटे को लेकर हुआ फरार
कोरबा। शहर के दर्री रोड रामसागरपारा में प्रीति एंपोरियम दुकान के बगल से गुजरी गली में स्थित एक मकान में रविवार की दोपहर पत्नी की हत्या कर पति फरार हो गया।वह अपने साथ दो साल के बेटे को भी ले गया है।पुलिस सरगर्मी से उसकी तलाश कर रही है।

मृतका दुर्गा राजपूत अपनी मां के साथ यहां निवास कर रही थी। करीब 2 साल पहले उसने बिलासपुर जिले के अचानकमार निवासी राजकुमार के साथ सोशल मीडिया में संपर्क हुआ ,जो प्रेम संबंध में बदल गया फिर विवाह रचाया था। विवाह के बाद से राजकुमार रामसागर पारा में अपनी ससुराल में ही सास और पत्नी के साथ रह रहा था। इनके दो बच्चे हैं जिनमें से एक लगभग 2 साल का पुत्र और 6 माह पूर्व ही जन्म ली हुई पुत्री शामिल है।
आज सुबह करीब 10 बजे दुर्गा की मां जो कि मालती किन्नर की टीम में गाने-बजाने का काम करती है, अपने काम पर निकल गई थी और घर पर बेटी-दामाद व उसके दो बच्चे रह गए थे।
O दोपहर मां लौटी तो घर पर ताला,अंदर से आ रही थी बच्ची की रोने की आवाज
दोपहर करीब 2:15 बजे जब माँ घर लौटी तो दरवाजे पर ताला बंद था लेकिन भीतर से बच्ची के रोने की आवाज आ रही थी। किसी अनहोनी की आशंका पर मां ने आसपास के लोगों को सूचना दी और ताला तोड़कर जब लोग भीतर घुसे तो नजारा देखकर दंग रह गए। दुर्गा का शव जमीन पर पड़ा था और मासूम बच्ची बिस्तर पर रो रही थी। आसपास के लोगों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी। करीब सवा 3 बजे कोतवाली पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच पड़ताल प्रारंभ की।
O दो साल के बेटे को ले कर हुआ गायब
घर से मृतका का पति राजकुमार और 2 साल का पुत्र गायब मिले। राजकुमार के गायब हो जाने से इतना तो स्पष्ट हो चुका है कि उसी ने गला घोट कर दुर्गा की जान ली और चूंकि 2 साल के मासूम पुत्र ने यह सारा घटनाक्रम अपने आंखों से देखा, इसलिए उसे भी अपने साथ ले गया है। राजकुमार अपने साथ पत्नी दुर्गा का मोबाइल को भी ले गया है। मोबाइल का लास्ट लोकेशन शारदा विहार बताया गया है और उसके बाद से बंद है।
0 पहले शारदा विहार दुकान गया, फिर बस स्टैंड आया
जानकारी मिली है कि राजकुमार, शारदा विहार में एक दुकान में काम करता था। वह ऑटो पर सवार होकर अपने सेठ के पास गया और वहां से कुछ पैसे लिए और फिर बस स्टैंड जाकर वहां से किसी साधन के माध्यम से कहीं चला गया। इस पूरे समय उसका 2 साल का पुत्र भी साथ में ही देखा गया।
O सुबह तक थी जन्मदिन की खुशी मगर फिर…
बताया गया कि कल 12 अप्रैल को दुर्गा का जन्मदिन था, देर रात तक जन्मदिन की खुशियां मनाई गई। घर पर डीजे भी बज रहा था।आज सुबह भी जन्मदिन की खुशी का माहौल था। सुबह 10 बजे जब दुर्गा की मां घर से निकली, तब तक सब कुछ ठीक था। इसके कुछ देर बाद दोपहर करीब 12 बजे पति-पत्नी के बीच विवाद की बातें पास पड़ोस के लोगों ने सुनी। जोर-जोर से लड़ाई-झगड़ा करने के बाद राजकुमार ताला बंद करके निकल गया और जब मासूम रोने लगी तब इस घटनाक्रम का खुलासा हुआ। पुलिस फरार हुए राजकुमार की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।