कोरबा, 30 जनवरी 2026 |: जिले में पर्यटन और संस्कृति के महाकुंभ ’पाली महोत्सव’ की तैयारियां जोरों पर हैं। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले इस दो दिवसीय उत्सव में इस बार पहाड़ियों का रोमांच भी शामिल होगा। आगामी 15 फरवरी को पाली से ऐतिहासिक चैतुरगढ़ तक ’पाली चैतुरगढ़ थंडर राइड 2026’ साइकिल रेस का आयोजन किया जा रहा है। इस कठिन और रोमांचक रेस में दमखम दिखाने वाले प्रतिभागियों के पास 25 हजार रुपये का नकद इनाम जीतने का मौका होगा।
15 फरवरी से महोत्सव का आगाज प्रशासन द्वारा ग्राम केराझरिया (पाली) के महोत्सव ग्राउंड में 15 और 16 फरवरी 2026 को महोत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। महोत्सव के पहले ही दिन सुबह साइकिल रेस की शुरुआत होगी। यह रेस केवल एक प्रतियोगिता नहीं, बल्कि जिले के पर्यटन स्थलों को बढ़ावा देने की एक पहल है। रेस का रूट पाली से शुरू होकर प्रकृति की गोद में बसे चैतुरगढ़ तक तय किया गया है, जो साइकिल चालकों के लिए एक बेहतरीन अनुभव साबित होगा।
किसे मिलेगा कितना इनाम? खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन के लिए आकर्षक पुरस्कारों की घोषणा की है। प्रतियोगिता महिला और पुरुष दोनों वर्गों में आयोजित होगी और इनाम भी दोनों वर्गों के लिए समान रखे गए हैं:
-
प्रथम पुरस्कार: 25,000 रुपये
-
द्वितीय पुरस्कार: 15,000 रुपये
-
तृतीय पुरस्कार: 10,000 रुपये
इसके अलावा, चौथे और पांचवें स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 1,100-1,100 रुपये और अगले दो प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार दिए जाएंगे।
कैसे करें आवेदन? इस ’थंडर राइड’ में हिस्सा लेने के लिए प्रतिभागी की आयु 15 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। इच्छुक साइकिल चालक गूगल लिंक या क्यूआर कोड स्कैन करके अपना ऑनलाइन पंजीयन करा सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 13 फरवरी 2026 की शाम 5 बजे तक है।
संपर्क सूत्र रेस के रूट और नियमों की विस्तृत जानकारी के लिए खेल अधिकारी दीनू पटेल (70677-47300) और सहायक खेल अधिकारी श्री राम कृपाल साहू (90746-68699) से संपर्क किया जा सकता है।









