रायपुर 18 अक्टूबर 2026:छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने एवं तनाव प्रबंधन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब राज्य के समस्त शासकीय सेवकों को अपनी नियमित प्रशासनिक जिम्मेदारियों के साथ-साथ निर्धारित ऑनलाइन प्रशिक्षण पाठ्यक्रम भी पूरा करना अनिवार्य कर दिया गया है।
Advt

राज्य सरकार ने ‘आईगॉट कर्मयोगी’ (iGOT Karmayogi) पोर्टल पर दो अनिवार्य प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को पूरा करने की अंतिम तिथि 31 अक्टूबर तय की है। सामान्य प्रशासन विभाग (GAD) द्वारा जारी इस आदेश के दायरे में राजपत्रित (Gazetted) और अराजपत्रित (Non-Gazetted), दोनों श्रेणियों के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होंगे।
प्रशासनिक अधिकारियों को दिए गए निर्देश
सामान्य प्रशासन विभाग ने प्रदेश के सभी विभागों के सचिवों, विभागाध्यक्षों, संभागायुक्तों और जिला कलेक्टरों को परिपत्र जारी कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं। सभी संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों से निर्धारित समयसीमा के भीतर यह प्रशिक्षण पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
कौन से दो कोर्स हैं अनिवार्य?
अक्टूबर माह के लिए निर्धारित ये दोनों प्रशिक्षण पाठ्यक्रम कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और कार्य-जीवन संतुलन से जुड़े हैं:
-
कार्यस्थल पर तनाव प्रबंधन (Stress Management at Workplace)
-
स्ट्रेस मैनेजमेंट थ्रू मेडिटेशन एंड योग निद्रा (Stress Management through Meditation and Yoga Nidra)
मिशन कर्मयोगी के तहत क्षमता निर्माण
यह पहल केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी ‘मिशन कर्मयोगी’ योजना के तहत संचालित की जा रही है। इसका मुख्य उद्देश्य सरकारी सेवाओं में कार्यरत कर्मचारियों की पेशेवर दक्षता बढ़ाना, प्रशासनिक प्रक्रियाओं को अधिक जन-हितैषी बनाना और कार्यस्थल पर एक सकारात्मक माहौल तैयार करना है।
सरकारी कामकाजों के भारी दबाव, समयबद्ध लक्ष्यों और जनसमस्याओं के समाधान के दौरान कर्मचारियों पर मानसिक तनाव होना स्वाभाविक है। ऐसे में ध्यान (Meditation) और योग निद्रा जैसी तकनीकों के माध्यम से कर्मचारियों को तनाव से निपटने और अपनी कार्यशैली में सुधार लाने में बड़ी मदद मिलेगी।
आवेदक/कर्मचारी अपनी सुविधा अनुसार आईगॉट कर्मयोगी पोर्टल पर लॉगिन कर 31 अक्टूबर तक इन दोनों पाठ्यक्रमों को पूरा कर सकते हैं।




