रायपुर 4 अक्टूबर 2026 Wildlife Week : वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में रविवार को नवा रायपुर में एक भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। इस 25 किलोमीटर लंबी साइकिल रैली के जरिए युवाओं और नागरिकों को पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण का प्रभावी संदेश दिया गया।

साइकिल रैली की शुरुआत वीआईपी रोड स्थित राम मंदिर से हुई, जो 25 किमी का रास्ता तय करते हुए नवा रायपुर स्थित जंगल सफारी में समाप्त हुई। रैली में 100 से अधिक साइक्लिस्टों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ भाग लिया। प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) और जंगल सफारी के संचालक ने भी खुद साइकिल चलाकर इस आयोजन की अगुवाई की।
रैली समाप्त होने के बाद सभी प्रतिभागियों ने जंगल सफारी और जू (चिड़ियाघर) का भ्रमण किया। यहाँ उन्होंने विभिन्न वन्यजीवों को करीब से देखा तथा उनके संरक्षण और देखभाल के लिए किए जा रहे प्रशासनिक प्रयासों की विस्तृत जानकारी ली। प्रदेश भर में वन्यजीव सप्ताह के तहत समाज में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से ऐसे कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।



