रायपुर: 15 अगस्त : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में AIIMS अस्पताल के सामने शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक युवती से विवाद के बाद उसे रोकने के लिए कार की छत पर चढ़ा 32 वर्षीय युवक अचानक ब्रेक लगने से सड़क पर गिर गया। गंभीर सिर में चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

विवाद रोकने के लिए कार की छत पर चढ़ा था मृतक आमानाका थाना पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहबा बाजार निवासी गुलाबरंग बाठी (32) के रूप में हुई है। शुक्रवार रात AIIMS अस्पताल के सामने किसी बात को लेकर गुलाबरंग का एक युवती से तीखा विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर जब युवती कार में बैठकर जाने लगी, तो उसे रोकने के लिए युवक चलती कार की छत पर चढ़ गया।
अचानक ब्रेक लगते ही हुआ हादसा कार कुछ दूरी तक चलती रही और युवक छत पर ही टिका रहा। इसी दौरान कार में अचानक ब्रेक लगने से युवक अनियंत्रित होकर सीधे पक्की सड़क पर जा गिरा। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
पुलिस ने युवती को हिरासत में लिया, कार सवार युवक फरार घटना के तुरंत बाद कार में सवार एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही आमानाका पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पुलिस ने युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, वहीं फरार युवक की तलाश की जा रही है। विवाद की मुख्य वजह जानने और हादसे के सही घटनाक्रम का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।









