नई दिल्ली: NEET UG पेपर लीक विवाद और देशभर में छात्रों के भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। शिक्षा मंत्रालय ने कड़ा एक्शन लेते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) के करीब 47 अधिकारियों और कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया है। सरकार के अनुसार, इनमें से कई अधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

NTA में बड़े सुधार और जवाबदेही तय करने की तैयारी
शिक्षा मंत्रालय का यह कदम NTA के पूरे तंत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही तय करने के उद्देश्य से शुरू किए गए अभियान का एक प्रारंभिक हिस्सा माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, आने वाले दिनों में एजेंसी के ढांचे को सुधारने के लिए सरकार कुछ और बड़े और कड़े कदम उठा सकती है।
छात्रों का गुस्सा बरकरार, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
NTA द्वारा आयोजित NEET परीक्षा में धांधली का मुद्दा गरमाने के बाद से ही छात्र सड़कों पर हैं। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने साफ कर दिया है कि उन्हें केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से कम कुछ भी मंजूर नहीं है। प्रशासनिक स्तर पर गिर रही गाज के बावजूद छात्र नेताओं का कहना है कि जब तक शीर्ष स्तर पर जवाबदेही तय नहीं होती, उनका आंदोलन जारी रहेगा।








