कोरबा, 22 जून। जिले के हरदीबाजार थाना क्षेत्र में देर रात एक खौफनाक ‘हिट एंड रन’ का मामला सामने आया है। ग्राम रलिया मेन सड़क (उमेंदीभांठा) के पास एक तेज रफ्तार कार चला रहे नाबालिग ने सामने से आ रही डॉक्टर की कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में जिला अस्पताल कोरबा में पदस्थ एमबीबीएस सर्जन डॉ. शक्ति डिक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
Advt

खाना खाकर लौट रहे थे डॉक्टर, सामने से आई काल बनी कार
घटना रात करीब 8 बजे की है। डॉ. शक्ति डिक्सेना हरदीबाजार स्थित अपने घर से खाना खाकर जमनीपाली दर्री स्थित अपने निवास लौट रहे थे। इसी दौरान रलिया के आगे देव माइनिंग कंपनी के पास भिलाई बाजार की ओर से आ रही एक काले रंग की किया (Kia) कार ने लापरवाहीपूर्वक और तेज रफ्तार में डॉक्टर की कार को सामने से टक्कर मार दी।
चोट की गंभीरता: टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डॉक्टर की कार का एयरबैग खुल गया। इसके बावजूद स्टीयरिंग से टकराने के कारण डॉक्टर के सीने की दो पसलियां और अंगूठा फ्रैक्चर हो गया। उन्हें पेट, गले और दोनों कलाई में भी गंभीर चोटें आई हैं।
खेत में भागकर बचाई जान, डॉक्टर को कुचलने की कोशिश
डॉ. डिक्सेना ने आपबीती बताते हुए कहा कि हादसे के बाद जब वह किसी तरह कार से बाहर निकले, तो आरोपी नाबालिग चालक ने गाड़ी पीछे ली और उन्हें जान से मारने की नीयत से कुचलने का प्रयास किया। डॉक्टर ने सूझबूझ दिखाई और जान बचाने के लिए सड़क छोड़कर खेत की तरफ भागे। इसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी और हरदीबाजार थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत के मुताबिक
शिकायत के अनुसार, दुर्घटना को अंजाम देने वाली कार का मालिक एक रसूखदार कोयला ट्रांसपोर्टर है और उसका नाबालिग बेटा गाड़ी चला रहा था। कार में दो अन्य नाबालिग भी सवार थे।
हरदीबाजार थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया:
-
पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कार (क्रमांक CG-12 BE-1430) को जब्त कर लिया है।
-
जांच में चालक के नाबालिग होने की पुष्टि हो चुकी है और उसके खिलाफ विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
-
पुलिस अब वाहन मालिक (पिता) से भी कड़ी पूछताछ कर रही है कि उन्होंने एक नाबालिग को गाड़ी क्यों और कैसे थमाई।
क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश
इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में कोयला ट्रांसपोर्टरों के खिलाफ भारी गुस्सा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रसूखदार कोयला ट्रांसपोर्टरों के नाबालिग बच्चे अक्सर बिना लाइसेंस के सड़कों पर तेज रफ्तार गाड़ियां दौड़ाते हैं, जिससे आए दिन गंभीर हादसे हो रहे हैं। लोगों ने पुलिस प्रशासन से ऐसे लापरवाह वाहन मालिकों और नाबालिग चालकों पर सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।








