रायपुर, 14 मई: जब बड़े खिलाड़ी फॉर्म में आते हैं तो सिर्फ रन नहीं बनते, इतिहास लिखा जाता है। विराट कोहली ने कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ 105 रनों की नाबाद पारी खेलकर यही साबित किया है। लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद इस तरह की वापसी करना विराट की जबरदस्त मानसिक ताकत को दर्शाता है।
दो लगातार ‘डक’ के बाद शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज विराट कोहली पिछले दो मैचों में मुंबई और लखनऊ के खिलाफ शून्य पर आउट हुए थे। आईपीएल इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि कोई बल्लेबाज लगातार दो मैचों में शून्य पर आउट होने के तुरंत बाद अगली पारी में शतक जड़ दे। टी20 क्रिकेट में विराट से पहले केवल पांच खिलाड़ी ही ऐसा कर पाए थे, जिनमें डेविड वॉर्नर, राइली रूसो, रोहित शर्मा, संजू सैमसन और हसन नवाज के नाम शामिल हैं।
प्लेयर ऑफ द मैच में रोहित शर्मा की बराबरी इस शानदार पारी के लिए विराट को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। यह आईपीएल में उनका 21वां अवॉर्ड है। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों में रोहित शर्मा (21) की बराबरी कर ली है। इस सूची में उनके बाद एमएस धोनी (18), रविंद्र जडेजा (17) और केएल राहुल (17) का नंबर आता है।
टी20 क्रिकेट में 14,000 रन और 10वां शतक विराट अब भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं जिनके नाम टी20 क्रिकेट में 10 शतक दर्ज हैं। विश्व स्तर पर उनसे आगे केवल क्रिस गेल (22) और बाबर आजम (13) हैं, जबकि डेविड वॉर्नर (10) उनके बराबर हैं। साथ ही विराट ने महज 420 पारियों में 14,000 टी20 रन पूरे कर लिए हैं, जो कि एक विश्व रिकॉर्ड है। उन्होंने क्रिस गेल (423 पारी) का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
आईपीएल में बादशाहत: सबसे ज्यादा मैच और शतक विराट कोहली अब आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक (9 शतक) लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने जोस बटलर (7 शतक) को काफी पीछे छोड़ दिया है। इसके अलावा, यह विराट का 279वां आईपीएल मैच था, जिसके साथ ही वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने एमएस धोनी और रोहित शर्मा (278-278 मैच) को पछाड़ दिया है।
रायपुर और केकेआर के खिलाफ बनाए खास रिकॉर्ड रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेला गया 105* रनों का स्कोर इस मैदान का अब तक का सबसे बड़ा व्यक्तिगत टी20 स्कोर है। केकेआर के खिलाफ भी विराट का प्रदर्शन लाजवाब रहा है। आरसीबी की ओर से केकेआर के खिलाफ कुल तीन शतक लगे हैं, जिनमें से दो (2019 और 2026) अकेले विराट के नाम हैं।
रन चेज के ‘किंग’ और पसंदीदा प्रतिद्वंद्वी आईपीएल में लक्ष्य का पीछा करते हुए विराट कोहली अब जोस बटलर के साथ संयुक्त रूप से पहले स्थान पर हैं, दोनों के नाम रन चेज में 3-3 शतक हैं। कोहली आईपीएल की चार अलग-अलग टीमों (CSK, DC, PBKS, KKR) के खिलाफ 1100 से अधिक रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज हैं। साथ ही, वे जोस बटलर के साथ आईपीएल के ऐसे दो ही बल्लेबाजों में शामिल हैं जिन्होंने दो अलग-अलग टीमों के खिलाफ कम से कम दो-दो शतक जड़े हों।
।।।








