📍गंगरेल नौकायान उत्सव में दिखा धमतरी की बेटियों का दम
धमतरी , छत्तीसगढ़ 23 मार्च 2026 |


धमतरी जिले के लिए रविवार 22 मार्च का दिन ऐतिहासिक उपलब्धियों का गवाह बना। गंगरेल बांध की मनमोहक जलधारा पर पहली बार आयोजित ‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ के अंतर्गत महानदी रिवर बोट चैंपियनशिप का भव्य और सफल आयोजन किया गया। मचान हाट पॉइंट से गंगरेल ब्लू एडवेंचर स्पोर्ट्स पॉइंट तक 1000 मीटर की चुनौतीपूर्ण दूरी में आयोजित इस रोमांचक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गति, संतुलन और गजब के टीम वर्क का प्रदर्शन किया।
विजेताओं पर हुई धनवर्षा: रोमार और जीतू ने मारी बाजी
प्रतियोगिता के बेहद रोमांचक मुकाबले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विजेताओं को मुख्य अतिथियों द्वारा ट्रॉफी और नकद राशि से सम्मानित किया गया:
-
प्रथम स्थान (₹1,00,000): बोट क्रमांक 04 – रोमार निषाद और जीतू निषाद (तिरी)
-
द्वितीय स्थान (₹50,000): बोट क्रमांक 01 – सत्वंत मंडावी और मिथलेश मंडावी (कोलियारी)
-
तृतीय स्थान (₹25,000): बोट क्रमांक 10 – कोमल निषाद और महेश्वर कुरेटरी (तिर्रा)
इसके अतिरिक्त, पवनबाई और देवनबती निषाद (तिर्रा) को ‘सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा’ तथा रामनारायण नेताम एवं ऋषिराम निषाद (सटीयारा) को ‘सर्वश्रेष्ठ बोट सजावट’ के लिए ₹11,000 का विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया।
ग्रामीण अंचलों की बेटियों और महिलाओं ने बढ़ाया गौरव
इस आयोजन की सबसे बड़ी उपलब्धि ग्रामीण महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। ग्राम तिर्रा की श्रीमती चयन बाई, श्रीमती सुमन और श्रीमती दिनेश्वरी निधार ने पारंपरिक लकड़ी की नाव के साथ लहरों को चीरते हुए न केवल प्रतिस्पर्धा को रोमांचक बनाया, बल्कि महिला सशक्तिकरण का एक सशक्त संदेश भी दिया। प्रशासन द्वारा महिला प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन हेतु ₹15,000, ₹10,000 और ₹5,000 के सांत्वना पुरस्कार भी घोषित किए गए।
आयोजन में उमड़ा जनसैलाब
इस खेल महोत्सव का शुभारंभ विधायक ओमकार साहू, महापौर रामू रोहरा और पूर्व विधायक श्रीमती रंजना साहू ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर कलेक्टर अविनाश मिश्रा और जिला पंचायत सीईओ गजेंद्र ठाकुर सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित रहे। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में धमतरी सहित समीपवर्ती जिलों कांकेर एवं बालोद की कुल 52 टीमों ने भाग लिया, जिससे यह आयोजन क्षेत्रीय स्तर पर एक बड़े खेल महोत्सव के रूप में उभरकर सामने आया।
नई सुविधाओं का आगाज
आयोजन के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधरोपण किया गया। साथ ही मत्स्य विभाग द्वारा 8 मछुआ समितियों को आइस बॉक्स वितरित किए गए और पर्यटकों एवं खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए ‘वॉटर एंबुलेंस’ का विधिवत शुभारंभ किया गया।
विधायक ओमकार साहू ने कहा कि यह आयोजन क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा एवं जल पर्यटन को नई पहचान प्रदान करेगा। महापौर रामू रोहरा ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण पहल बताते हुए स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कलेक्टर अविनाश मिश्रा ने कहा कि ऐसे आयोजनों से पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ युवाओं में खेल एवं साहसिक गतिविधियों के प्रति रुचि विकसित होगी।
पर्यटन और विकास की नई दिशा
‘गंगरेल नौकायान उत्सव’ धमतरी जिले में पर्यटन, संस्कृति एवं खेल गतिविधियों के समन्वय का सशक्त उदाहरण बनकर उभरा है। यह आयोजन न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगा, बल्कि गंगरेल क्षेत्र को राज्य के प्रमुख पर्यटन एवं एडवेंचर स्पोर्ट्स हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
।।।








