Home » Uncategorized » बिलासपुर का ‘थप्पड़ पुराण’: मल्हार महोत्सव से पहले अध्यक्ष जी ने दिखाई अपनी ‘हाथ की सफाई’!

बिलासपुर का ‘थप्पड़ पुराण’: मल्हार महोत्सव से पहले अध्यक्ष जी ने दिखाई अपनी ‘हाथ की सफाई’!

Share:

बिलासपुर (न्यायधानी): वैसे तो बिलासपुर को न्याय की नगरी कहा जाता है, लेकिन मल्हार नगर पंचायत की अध्यक्ष महोदया जी ने इसे ‘शक्ति प्रदर्शन’ का अखाड़ा बना दिया है। मल्हार महोत्सव की तैयारी के लिए रेस्ट हाउस में बैठक बुलाई गई थी, लेकिन महोत्सव की रूपरेखा तैयार होती, उससे पहले ही अध्यक्ष जी ने उपाध्यक्ष जी  के गाल पर अपनी ‘ममतामयी छाप’ (थप्पड़) छोड़ दी।

शांति की सलाह पड़ी महँगी!

हुआ यूँ कि अध्यक्ष जी बैठक में पूरे सुर-ताल के साथ अपनी आवाज बुलंद कर रही थीं। बेचारे उपाध्यक्ष जी को लगा कि महोत्सव ‘सांस्कृतिक’ है, तो चर्चा भी वैसी ही होनी चाहिए। उन्होंने बस इतना कह दिया— “अध्यक्ष जी, जरा धीरे बोलिए।” बस! इतना कहना था कि अध्यक्ष महोदया ने ‘महोत्सव’ का उद्घाटन उपाध्यक्ष के गाल पर ‘ताली’ बजाकर कर दिया।

वहाँ मौजूद एसडीएम और तहसीलदार साहब तो बस देखते ही रह गए कि आखिर फाइलें कब से हवा में उड़ने लगीं और गाल कब से लाल होने लगे!

पुराना ‘ट्रैक रिकॉर्ड’ और नया विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार अध्यक्ष महोदया का विवादों से पुराना  नाता रहा  है। पहले सीएमओ साहब के ऑफिस में उनका ‘रौद्र रूप’ वायरल हुआ था, जिस पर पुलिस ने केस भी दर्ज किया था। लेकिन लगता है कि अध्यक्ष जी को फाइलों और फाइटिंग में कोई फर्क नजर नहीं आता।

पार्टी की फजीहत, जनता का मज़ा

चूँकि दोनों ही पक्ष ‘कमल’ (भाजपा) के फूल की पंखुड़ियाँ हैं, इसलिए अब जिला अध्यक्ष मोहित जायसवाल जी के पास शिकायतों की ऐसी लाइन लगी है जैसे राशन कार्ड के लिए लगती है। जनता अब इस बात का इंतज़ार कर रही है कि मल्हार महोत्सव में कलाकार नाचेंगे या फिर नगर पंचायत के पदाधिकारी आपस में ‘कुश्ती’ का फाइनल खेलेंगे।


Leave a Comment