कोरबा | 3 मार्च 2026 कोरबा कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा (TL) की बैठक में शासन की फ्लैगशिप योजनाओं और जनशिकायतों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान कलेक्टर सख्त तेवर में नजर आए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित के कार्यों में देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और समय-सीमा में कार्य पूर्ण न होने पर लोक सेवा गारंटी अधिनियम के तहत सीधी कार्रवाई की जाएगी।
राजस्व मामलों में देरी पर भड़के कलेक्टर, पटवारी को नोटिस
राजस्व विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अविवादित नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे मामलों में हो रहे विलंब पर गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने भैसमा तहसील के ग्राम डोंगदरहा में राइस मिल के नाम पर हुए अवैध कब्जे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए और संबंधित पटवारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
शिक्षा और स्वास्थ्य पर विशेष फोकस
कलेक्टर ने 5 से 17 वर्ष के सभी विद्यार्थियों का बायोमेट्रिक आधार अपडेट करने और ‘अपार आईडी’ निर्माण को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। वहीं स्वास्थ्य विभाग को आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी और सिकल सेल स्क्रीनिंग के लक्ष्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने को कहा।
योजनावार प्रमुख निर्देश:
-
PM सूर्यघर योजना: बिजली विभाग वेंडरों के साथ समन्वय कर सब्सिडी वितरण और इंस्टॉलेशन में तेजी लाए।
-
महिला एवं बाल विकास: निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्रों की साप्ताहिक रिपोर्ट अनिवार्य। 8 मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का गरिमामय आयोजन हो।
-
पेयजल एवं अधोसंरचना: गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने और जल जीवन मिशन के कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश। लोक निर्माण विभाग (PWD) को स्वीकृत सड़कों की निविदा प्रक्रिया जल्द पूरी करने को कहा गया।
-
PM स्वनिधि: लंबित प्रकरणों को 10 मार्च तक स्वीकृत करने हेतु लीड बैंक मैनेजर को जिम्मेदारी दी गई।
-
जल संरक्षण: नगर निगम और नगरीय निकाय भवन अनुमति के समय रेन वाटर हार्वेस्टिंग अनिवार्य करें।
राहत राशि में न हो देरी
कलेक्टर ने मानवीय संवेदनाओं को प्राथमिकता देते हुए निर्देश दिया कि दुर्घटनाओं में मृत्यु के मामलों में परिजनों को एक माह के भीतर राहत राशि का भुगतान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, 8 से 23 मार्च तक आयोजित होने वाले ‘जल महोत्सव’ की तैयारियों के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में डीएफओ श्री कुमार निशांत, श्रीमती प्रेमलता यादव, निगमायुक्त श्री आशुतोष पांडेय सहित जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
।।।








