भोपाल/रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) में अपनी नई सेवाएं देंगे। उन्हें मध्य क्षेत्र (मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़) का क्षेत्रीय सह बौद्धिक प्रमुख नियुक्त किया गया है, जिनका मुख्यालय जबलपुर होगा। हितानंद के जाने के बाद फिलहाल क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ का कार्यभार संभालेंगे।
चुनावी रणनीतिकार और ‘बूथ मॉडल’ के प्रणेता
सितंबर 2020 में सह संगठन महामंत्री के रूप में भाजपा में कदम रखने वाले हितानंद ने संगठन को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धियां निम्नलिखित रहीं:
-
ऐतिहासिक जीत: 2023 विधानसभा चुनाव में 163 सीटें और 2024 लोकसभा चुनाव में प्रदेश की सभी 29 सीटों पर ‘क्लीन स्वीप’ दिलाने में उनकी रणनीति कारगर रही।
-
बूथ सशक्तीकरण मॉडल: उनके द्वारा विकसित ‘बूथ मॉडल’ इतना सफल रहा कि भाजपा ने इसे राष्ट्रीय स्तर पर अन्य राज्यों में भी लागू किया।
-
निर्विरोध संगठन पर्व: वर्ष 2025 के संगठन चुनावों में मंडल से लेकर प्रदेश अध्यक्ष तक की प्रक्रिया को बिना किसी विवाद के संपन्न कराना उनकी बड़ी सांगठनिक कुशलता मानी गई।
अनुशासन और पीढ़ी परिवर्तन पर जोर
हितानंद के कार्यकाल में न केवल सत्ता और संगठन के बीच बेहतर समन्वय दिखा, बल्कि उन्होंने ‘पीढ़ी परिवर्तन’ के जरिए युवाओं को आगे लाने का साहसिक प्रयास भी किया। अनुशासनहीनता के मामलों में वे सख्त रहे और समय-समय पर जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों को कड़ा संदेश देने से भी नहीं चूके।
संघ में अन्य महत्वपूर्ण नियुक्तियां
हितानंद के साथ ही संघ ने तीन अन्य प्रमुख दायित्वों में भी बदलाव किए हैं: 1. मुकेश त्यागी: मध्य भारत प्रांत प्रचार प्रमुख से ‘ग्राहक पंचायत’ में भेजे गए। 2. सुरेन्द्र मिश्रा: ‘पूर्व सैनिक सेवा परिषद’ की जिम्मेदारी सौंपी गई। 3. ब्रजकिशोर भार्गव: अब ‘क्षेत्र गो सेवा प्रमुख’ की भूमिका में होंगे।








