After Bihar elections, former Union Minister Dr. Shakeel Ahmed resigned from the Congress party. The reason for the resignation came to light.
former Union Minister Dr. Shakeel Ahmed resigned from the Congress party: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ शकील अहमद ने कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को इस्तीफा पत्र प्रेषित कर कहा है कि कृपया मेरे 16 अप्रैल 2023 के पत्र का स्मरण करें, जिसमें मैंने सूचित किया था कि मैं भविष्य में कभी चुनाव नहीं लूँगा। हाल ही में मैंने यह भी घोषणा की थी कि मेरे तीनों पुत्र कनाडा में रहते हैं और किसी की भी राजनीति में रुचि नहीं है, इसलिए वे भी चुनाव नहीं लड़ेंगे। मैं जीवन भर कांग्रेस में बना रहूँगा, परन्तु अब यह संभव नहीं दिखता।
बहुत दुःख के साथ मैंने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लिया है। यह इस्तीफा किसी अन्य पार्टी में शामिल होने के लिये नहीं है; मेरा किसी अन्य दल में जाने का कोई इरादा नहीं है। मेरे पूर्वजों की तरह मुझे भी कांग्रेस की नीतियों व सिद्धांतों में अटूट विश्वास है और मैं जीवन भर उनका शुभचिंतक व समर्थक रहूँगा; मेरा अंतिम वोट भी कांग्रेस के पक्ष में ही रहेगा।
मेरे दादा स्व. अहमद गफूर 1937 में कांग्रेस के विधायक चुने गये थे। 1948 में उनकी मृत्यु के बाद मेरे पिता शकूर अहमद 1952‑1977 तक पाँच बार कांग्रेस के टिकट पर विधायक रहे और विभिन्न पदों पर कार्यरत रहे। 1981 में पिता के स्वर्गवास के बाद, 1985 के बाद मैं स्वयं पाँच बार कांग्रेस का विधायक व सांसद चुना गया।
पार्टी की सदस्यता त्यागने का निर्णय मैंने पहले ही ले लिया था, परन्तु इसे मतदान समाप्त होने के बाद घोषित कर रहा हूँ, ताकि चुनाव से पहले कोई गलत संदेश न जाए और पार्टी को पाँच वोट का भी नुकसान न हो। अस्वस्थता के कारण मैं प्रचार नहीं कर सका, परन्तु आशा है कि इस बार कांग्रेस की सीटें बढ़ेंगी और हमारे गठबंधन की मजबूत सरकार बनेगी।
मेरा मतभेद वर्तमान में पार्टी के कुछ शीर्ष व्यक्तियों से हो सकता है, परन्तु पार्टी की नीतियों व सिद्धांतों पर मेरा अटूट विश्वास बना रहेगा।कृपया इस पत्र को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से मेरा इस्तीफा मानें।








