फूलसिंह के लिए डिप्टी सीएम ने ली सभा
कहा-कांग्रेस सरकार ने लागू की जनकल्याणकारी योजनाएं
कोरबा। रामपुर विधानसभा अंतर्गत अंतिम छोर में स्थित ग्राम डोकरमना में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कांग्रेस प्रत्याशी फूलसिंह राठिया के पक्ष में आमसभा ली। हेलीकॉप्टर से पहुंचे सिंहदेव का ग्रामीणों ने करमा व आदिवासी परंपरा के अनुसार स्वागत किया। इस मौके पर सिंहदेव ने उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए कांग्रेस की रीति-नीति पर प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार को जनता ने पांच साल के लिए चुना था, पर कोरोना की वजह से हमें कार्य करने का समय मात्र तीन वर्ष मिला। बावजूद हमने किसानों को उपज का 2500 रुपये वायदा कर 2640 रूपये दिया। उनका कर्जा माफ किया। इसके साथ ही अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू किया गया।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने जो वायदा किया है वह पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी व प्रियंका की उपस्थिति मे किया है और इन वायदों को पूरा किया जाएगा। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण के अध्यक्ष सुरेन्द्र प्रताप जायसवाल, पूर्व जनपद उपाध्यक्ष रज्जाक खान समेत काफी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता व ग्रामीण उपस्थित थे।