छत्तीसगढ़ : नदी में अचानक आई बाढ़,मां-बेटी सहित चार लोग बह गए
सरगुजा : मैनपाट क्षेत्र के ढोंढागांव में मैनी नदी में अचानक आई बाढ़ में मां-बेटी सहित चार लोग बह गए। यह घटना उस समय हुई जब ग्रामीण जंगल से मशरूम (पुटू) बीनकर नदी पार कर रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, पुटू बीनने जाते समय नदी में पानी घुटनों तक था, लेकिन लौटते समय जलस्तर तेजी से बढ़ गया और कमर से ऊपर बहने लगा।

बाढ़ में बहने वालों के नाम:
- सोमारी (45)
- उसकी बेटी अंकिता (8)
- बिनावती (30)
- आरयस (3)
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन को सूचना दी और स्वयं भी खोजबीन में जुट गए। सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने कलेक्टर व पुलिस अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कराया। एसडीआरएफ, सीतापुर पुलिस और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम खोज अभियान चला रही है, लेकिन अभी तक लापता लोगों का कोई सुराग नहीं मिला है।
अन्य घटनाएं:
- जशपुर कुनकुरी के ढोढ़ीबहार में ईब नदी के टापू पर मछली पकड़ रहे तीन लोग बाढ़ में फंस गए थे।
- जशपुर के नजदीक डूमरटोली एनिकट के पुल पर एक ट्रैक्टर चालक ट्रैक्टर सहित फंसा हुआ था। फंसे लोगों को बचाने के लिए पुलिस व नगर सेना की टीम मौके पर पहुंची थी।
स्थानीय प्रशासन और आपदा प्रबंधन टीम राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई है। क्षेत्र में भारी बारिश के कारण नदियां उफान पर हैं और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।