CM योगी ने कहा- माफियाओं का ‘‘बुलडोजर’’ से सफाया कराने के लिए भाजपा को वोट दें.. BJP ही लोगों की ‘‘सुरक्षा और रक्षा’’ की गारंटी दे सकती है..
रांची: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के नेतृत्व वाले गठबंधन पर माफियाओं को ‘‘संरक्षण’’ देने का आरोप लगाया और लोगों से अनुरोध किया कि वे माफियाओं का ‘‘बुलडोजर’’ से सफाया कराने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट दें।
आदित्यनाथ ने दावा किया कि माफियाओं के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई उनके गृह राज्य उत्तर प्रदेश में की जा रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा ही है जो लोगों की ‘‘सुरक्षा और रक्षा’’ की गारंटी दे सकती है।
उन्होंने कोडरमा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘झामुमो के नेतृत्व वाला गठबंधन झारखंड में भूमि, बालू, वन, खनन और शराब जैसे क्षेत्रों में माफिया को संरक्षण दे रहा है… उत्तर प्रदेश की तरह झारखंड में भी माफिया को खत्म करने के लिए भाजपा को सत्ता में लाएं।’’
