4 साल के मासूम को नोंचा आवारा कुत्तों के झुंड ने
कोरबा। कोरबा शहर में आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर से बढ़ गया है। श्वान नसबंदी योजना के खटाई में चले जाने से श्वान पुनः अब लोगों को निशाना बनाने लगे हैं। ऐसी ही एक घटना शहर के मध्य स्थित शारदा विहार में सामने आई है जहां आवारा श्वानों के झुंड ने चार वर्षीय एक मासूम बच्ची को नोच डाला। कुछ अन्य लोग भी इनका शिकार हुए हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने मासूम को जैसे-तैसे बचाया। इस घटना के बाद प्रशासन को लेकर लोगों में आक्रोश का माहौल देखा जा रहा है।

कोरबा जिले में श्वान नसबंदी योजना पूरी तरह से ठंडे बस्ती में चले जाने का बुरा प्रभाव आम जनता पर पड़ रहा है। नसबंदी नहीं होने से शहर में आवारा श्वानों की संख्या काफी बढ़ गई है, जो लोगों को अपना शिकार बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे। ऐसी ही एक घटना शारदा विहार क्षेत्र में सामने आई है जहां आवारा श्वानों के झुंड ने चार वर्षीय मासूम बच्ची को नोच डाला। बताया जा रहा हैं की मासूम बच्ची जब घर के बाहर खेल रही थी, तब श्वानों के झुंड ने उसे घेर लिया और नोचने लगे। मौके पर मौजूद अन्य लोगों ने श्वानों को भगाने का काफी प्रयास किया लेकिन श्वान उसे नोचते रहे। काफी मशक्कत के बाद लोगों ने बच्ची को बचाने में कामयाबी पाई। इस घटना से मासूम के पूरे शरीर पर जख्म के निशान पड़ गए हैं। आवारा श्वानों के बढ़ते आतंक को लेकर क्षेत्र के लोग काफी आक्रोशित नजर आ रहे हैं।