सीएम बोले- या तो सुधर जाओ या छत्तीसगढ़ छोड़ दो…रायपुर में गौ-मांस बेचने वाले 6 आरोपी गिरफ्तार…
रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर में गोमांस बिक्री के आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद बड़ा बयान दिया है। उन्होंने गोमाता की तस्करी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि यह न केवल गंभीर अपराध है, बल्कि यह सनातन आस्था और सामाजिक सद्भाव को गहरा आघात पहुंचाने वाला कृत्य है। उन्होंने अपराधियों से कहा कि या तो सुधर जाएं या छत्तीसगढ़ छोड़ दें। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि इस तरह के अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है।
बता दे की छत्तीसगढ़ में रायपुर के मोमिनपारा में एक घर के भीतर गौ-मांस बेचने के मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी पुलिस के रेड पड़ते ही भाग गए थे। इस मामले में देर रात तक आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर गौ-सेवकों ने जमकर बवाल किया। पुलिस ने घर के भीतर कमरों में चाकू-तराजू समेत गौ-मांस भी बरामद किया था। पुलिस ने यह कार्रवाई शहर के आजाद चौक स्थित मोमिनपारा इलाके में की। इस दौरान यहां से 226 किलो गोमांस बरामद हुआ। गोमांस बरामद होने से निकाय चुनाव से पहले रायपुर का माहौल गरमा गया है।
इस मामले को लेकर सर्व हिंदू समाज ने रायपुर में जंगी प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने मीडिया को बताया
इस बारे में जानकारी देते हुए रायपुर एसएसपी डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने मीडिया को बताया कि आरोपियों ने विधानसभा रोड स्थित धनेली के एक मैदान में दो बेसहारा गायों को मारकर काटा था। इसके बाद वे गायों का मांस ऑटो में भरकर घर ले आए थे और फिर उसे बेच रहे थे। खबरों के अनुसार आरोपियों को एक बड़ी शादी में गोमांस सप्लाई करने का ऑर्डर भी मिला था।
पुलिस ने बताया कि दुलदुल गली स्थित मकान में दबिश देने पर गोमांस के साथ पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा के रहने वाले समीर को पकड़ा गया। बाद में पांच अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। मौके से पुलिस को प्लास्टिक की अलग-अलग थैलियों में रखे गोमांस के साथ ही उपयोग में लाया गया बड़ा चाकू और तराजू समेत अन्य सामान भी मिला। पुलिस ने जब्त मांस को टेस्टिंग लैब भेजा, जहां से इसके गोमांस होने की पुष्टि भी हो गई। अब पुलिस इस मांस का अंतिम संस्कार करेगी।
पुलिस के हाथ लगी डायरी में मिले ग्राहकों के नाम
एसएसपी ने बताया कि पुलिस के हाथ आरोपियों की एक डायरी भी लगी है, जिसमें गोमांस के ग्राहकों के नाम लिखे हैं। अलग-अलग क्लाइंट्स को किलो के भाव में गोमांस की सप्लाई की जाती थी। आशंका है कि गोमांस को शहर में अलग-अलग जगह पर खपाया जाता था। इनके पास एक बड़ी शादी में गोमांस सप्लाई करने का ऑर्डर भी था। जिसके बाद पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
