छत्तीसगढ़ : रिपीट नहीं किए जायेंगे किसी भी जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष,नए चेहरों के नाम तय, मिलेगा मौका
दिल्ली में भाजपा छत्तीसगढ़ के नेताओं और राष्ट्रीय नेतृत्व के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिलाध्यक्षों के चयन के लिए तैयार किए गए पैनल पर गहन चर्चा की गई। सूत्रों की माने तो किसी भी हाल में रिपीट नहीं होंगे जिलाध्यक्ष
रायपुर:दिल्ली में आयोजित इस बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन और केंद्रीय संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए। चर्चा का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ में जिलाध्यक्षों के नामों को अंतिम रूप देना था। बैठक में छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी नितिन नबीन, क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जमवाल, प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव, प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय और प्रदेश संगठन चुनाव प्रभारी खूबचंद पारख मौजूद रहे।।
नए चेहरों को मिलेगा मौका
बैठक के दौरान जिलाध्यक्षों के चयन के लिए बनाए गए पैनल पर विस्तार से मंथन किया गया। सूत्रों के अनुसार, संगठन चुनाव के नए नियम और शर्तों को ध्यान में रखते हुए, इस बार अधिकतर जिलों में नए चेहरों को मौका दिया जाएगा। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि यह बदलाव संगठन को और मजबूत करेगा।
घोषणा जल्द
प्रदेश के पदाधिकारी आज रात तक रायपुर लौटने की संभावना है। सूत्रों का दावा है कि जिलाध्यक्षों के नाम फाइनल हो चुके हैं और आने वाले एक-दो दिनों में पार्टी की ओर से नई सूची जारी कर दी जाएगी। इस पूरे घटनाक्रम से यह स्पष्ट है कि भाजपा छत्तीसगढ़ संगठन में नए जिलाध्यक्षों की नियुक्ति के माध्यम से एक नई ऊर्जा का संचार करना चाहती है।
