कटघोरा नगर पालिका चुनाव : राज को कांग्रेस की गुटबाजी से खतरा, आत्माराम के लिए भाजपाई हुए एकजुट
कटघोरा: कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष पद चुनाव में सरगर्मी तेज हो गई है और यहां परिणाम भी निश्चित ही चौंकाने वाले आ सकते है।भले ही कांग्रेस प्रचार के तामझाम में आगे हैं लेकिन पार्टी की अंदरुनी गुटबाजी का नुकसान भी होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता।

दूसरी तरफ भाजपा भले ही प्रचार में पीछे चल रही है लेकिन भाजपाई एकजुट होकर चुनाव में बेहतर प्रदर्शन करने का मन बना चुनाव प्रचार कर रहे है। जहां तक निर्दलीय प्रत्याशी की बात हैं तो वह भी चुनाव को त्रिकोणीय मुकाबले की ओर ले जाने की कोशिश में हैं।
बता दे कि कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष पद चुनाव के लिए कांग्रेस हाईकमान ने अपने सर्वे में जीतने वाला उम्मीदवार राज जायसवाल को पाया और पार्टी प्रत्याशी बनाकर चुनावी रण में उतारा है वहीं भाजपा प्रत्याशी आत्माराम पटेल हैं और निर्दलीय प्रत्याशी कोमल जायसवाल चुनावी रण में ताल ठोक रहे हैं। जायसवाल समाज के दो प्रत्याशी मैदान में होने के कारण समाज के वोट का विभाजन होना तय माना जा रहा हैं। वही पटेल समाज का प्रतिनिधित्व करने वाले आत्माराम पटेल के समर्थन में समाज एकजुट दिख रहा हैं और इस बात की चर्चा कटघोरा क्षेत्र में जोरो पर है । कांग्रेस प्रत्याशी राज जायसवाल कॉन्ट्रेक्टर हैं तो भाजपा प्रत्याशी आत्माराम पटेल वरिष्ठ अधिवक्ता और निर्दलीय प्रत्याशी कोमल जायसवाल की गिनती व्यवसाई के तौर पर होती हैं।
बता दें कि प्रदेश स्तर पर चुनाव घोषण पत्र जारी किए जा चुके हैं। कांग्रेस ने चुनाव के लिए अपना संकल्प पत्र जारी किया है। वहीं अलग अलग नगर निगम और नगरपालिका में स्थानीय मुद्दों को लेकर अलग से घोषणा पत्र जारी किए गए हैं।इसी कड़ी में कटघोरा में कांग्रेस के नगर पालिका प्रत्याशी राज जायसवाल ने कटघोरा के विकास के लिए स्थानीय स्तर पर चुनाव घोषणा पत्र जारी किया है। जिसमें हाईटेक अंतरराज्यीय बस स्टैंड और नगर के सभी प्राचीन तालाबों का जीर्णोद्धार एवं सौदर्यीकरण का वादा किया गया है।